IPL 2026 Final जो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आईपीएल के शुरुआती 17 सालों तक एक ट्रॉफी के लिए तरसती रही थी, अब उसी टीम ने टूर्नामेंट में अपनी बादशाहत कायम कर ली है। आईपीएल 2026 के महामुकाबले में रजत पाटीदार की कप्तानी में आरसीबी ने इतिहास दोहराते हुए लगातार दूसरी बार खिताब (Back-to-Back Trophy) अपने नाम कर लिया है। फाइनल मैच में बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी।
गुजरात टाइटंस से मिले 156 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने महज 18 ओवरों में 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। आरसीबी के लिए ‘किंग’ विराट कोहली ने मोर्चे को संभाले रखा और एक शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को चैंपियन बनाकर ही लौटे।
कोहली-वेंकटेश ने शुरू में ही मैच किया एकतरफा
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर की जोड़ी ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने केवल 4.3 ओवरों में ही पहले विकेट के लिए 62 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी कर डाली। इस धमाकेदार शुरुआत ने मैच को शुरू में ही गुजरात की पहुंच से दूर कर दिया।
वेंकटेश अय्यर ने महज 16 गेंदों पर 32 रनों की पारी खेली, जिसके बाद वे मोहम्मद सिराज का शिकार बने। इसके बाद आरसीबी ने मिडिल ऑर्डर में थोड़ा लड़खड़ाते हुए देवदत्त पडिक्कल (1 रन), कप्तान रजत पाटीदार (15 रन) और क्रुणाल पांड्या (1 रन) के विकेट जल्दी-जल्दी गंवा दिए। 91 रनों पर 4 विकेट गिर जाने के बाद आरसीबी कुछ दबाव में दिख रही थी।
किंग कोहली की कप्तानी पारी, टिम डेविड का मिला साथ
मुश्किल वक्त में एक छोर पर अंगद की तरह पैर जमाए खड़े विराट कोहली को टिम डेविड का मजबूत साथ मिला। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए कीमती 41 रन जोड़े। टिम डेविड 24 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तब तक जीत आरसीबी की झोली में आ चुकी थी। विराट कोहली ने फाइनल के बड़े मंच पर 75 रनों की यादगार नाबाद पारी खेली और टीम को लगातार दूसरी बार आईपीएल का किंग बना दिया।
गुजरात की तरफ से स्टार स्पिनर राशिद खान ने 2 विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद सिराज, अरशद खान और कगिसो रबाडा को 1-1 विकेट मिला।
ताश के पत्तों की तरह ढह गई गुजरात की बल्लेबाजी
इससे पहले फाइनल मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के दो सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज—कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन पावरप्ले (शुरुआती 6 ओवर) खत्म होने से पहले ही पवेलियन लौट गए।
गुजरात की तरफ से सिर्फ वाशिंगटन सुंदर ही डटकर मुकाबला कर सके, जिन्होंने 37 गेंदों पर 50 रनों की जुझारू पारी खेली। सुंदर के अलावा टीम का कोई भी दूसरा बल्लेबाज 20 रनों का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका।
आरसीबी की धारदार गेंदबाजी: बेंगलुरु के गेंदबाजों ने फाइनल में सटीक लाइन-लेंथ से गेंदबाजी की। रसिक सलाम डार ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट लिए, जबकि क्रुणाल पांड्या को 1 सफलता मिली।
17 साल के सूखे के बाद साल 2025 में अपना पहला खिताब जीतने वाली आरसीबी ने 2026 में भी चैंपियन बनकर यह साबित कर दिया है कि अब आईपीएल में उनका ‘राज’ शुरू हो चुका है। (वीडियो- जबलपुर से वाजिद खान)
