Bareilly BSA बरेली में निराश्रित गौवंश के लिए भूसा एकत्र करने के भ्रामक आदेश को लेकर उत्पन्न विवाद का बीएसए डॉक्टर विनीता ने पटाक्षेप कर दिया है। डॉक्टर विनीता ने मीडिया को दिए बयान में कहा है कि यह शासन की भूसा दान योजना है। इस योजना में जो लोग स्वेच्छा से भूसा दान करना चाहते हैं वो भूसा दान कर सकते हैं। किसी पर कोई जोर-जबरदस्ती नहीं है। नवाबगंज ब्लॉक के खण्ड शिक्षा अधिकारी ने जो पत्र जारी किया था उसमें संशोधन कर दिया गया है और उनके खिलाफ कार्रवाई लंबित है।
इससे पहले बरेली के नवाबगंज ब्लॉक से खंड शिक्षा अधिकारी का एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पत्रांक 175-78/2026-27 दिनांक 22.05.2026 वाले इस आदेश में सभी सरकारी प्रा0वि0, उ0प्रा0वि0 और कम्पोजिट विद्यालयों से 46 किलो भूसा दान में मांगा गया है। लेटर में साफ लिखा है कि एक हफ्ते में भूसा जमा नहीं किया तो विभागीय कार्रवाई होगी।
क्या लिखा खा वायरल पत्र में
वायरल हो रहे आदेश के मुताबिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बरेली के पत्रांक-व0स0/परि0/2424-सी/2026-27 दिनांक 20.05.2026 और डीएम बरेली के 16.05.2026 के पत्र के बाद नवाबगंज ब्लॉक को निराश्रित गौवंश के लिए 100 कुंतल भूसा इकट्ठा करने का टारगेट मिला है। इसी को पूरा करने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी नवाबगंज ने हर स्कूल से 46 किलो भूसा खंड विकास अधिकारी या पशु चिकित्साधिकारी के कार्यालय में जमा करने को कहा है। साथ ही प्राप्ति रसीद BEO कार्यालय में देने के निर्देश हैं।
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
लेटर वायरल होते ही फेसबुक, व्हाट्सएप और एक्स पर शिक्षकों ने नाराजगी जतानी शुरू कर दी। यूजर्स लिख रहे थे, “मास्टर साहब अब बच्चों को पढ़ाएं या भूसा इकट्ठा करें?” कई शिक्षक संगठनों ने इसे शिक्षकों का अपमान बताया था।
टीचर बोले: 500 रुपये जेब से कौन देगा
नवाबगंज के एक इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने कहा, “46 किलो भूसा खरीदने में 400 से 500 रुपये लगेंगे। विभाग ने एक रुपया फंड नहीं दिया। ऊपर से एक हफ्ते में भूसा दो वरना कार्रवाई की धमकी। हम अपनी सैलरी से भूसा खरीदें क्या?”
डीएम के आदेश पर हो रहा भूसा भण्डारण
प्रशासन का कहना है कि बरेली में आवारा गोवंश की समस्या को देखते हुए डीएम बरेली ने सभी विभागों को चारा-भूसा दान का टारगेट दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग से भी मदद मांगी गई है। नवाबगंज ब्लॉक को 100 कुंतल का लक्ष्य मिला है, जिसे सभी स्कूलों में बांटा गया है।
BEO को मुख्यालय से किया गया सम्बद्ध
बीएसए डॉ विनीता का कहना है कि बी नवाबगंज ने निर्देशों को लापरवाही से समझा और गलत त्रुटि पूर्ण आदेश पारित कर दिया जिससे ब्रह्म की स्थिति उत्पन्न हुई उन्हें तत्काल प्रभाव से नोटिस जारी करते हुए मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है उन्होंने बताया कि गोवंश के लिए भूसा इकट्ठा करना वा दान देना अपनी इच्छा पर निर्भर है यह जन सेवा का काम है इसमें किसी तरीके की कोई भी कोई भी बाध्यता नहीं है। भ्रामक पत्र जारी करने वाले खण्ड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई लंबित रखते हुए उन्हें मुख्यालय से अटैच कर दिया गया।
