CCTV वारासिवनी की ‘तीसरी आंख’ में ही रतौंधी हो गई- इलाज कौन करे!

CCTV वारासिवनी की ‘तीसरी आंख’ में ही रतौंधी हो गई- इलाज कौन करे!

CCTV शहर में लंबे समय से लगातार घटित होती आपराधिक घटनाओं और अपराधियों के पुलिस पकड़ से दूर रहने से चिंतित शहरवासियों द्वारा लंबे समय से शहरीक्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से की जाती रही लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नही देने के चलते स्थानीय नगरपालिका परिषद द्वारा इस ओर पहल करते हुए तीन माह पूर्व शहर में लाखों रुपये खर्च कर अपराधों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से शहरभर में 29 कैमरे लगाए गए थे जिसका पूरा कंट्रोल रुम स्थानीय थाने में स्थापित किया गया था लेकिन मात्र 3 माह के भीतर ही इस सिस्टम को संचालित करने वाली हार्ड डिस्क ही खराब हो गई परिणामस्वरूप पूरे शहर में लगे सीसीटीवी कैमरे शोभा की सुपारी बन कर रह गए हैं।

पूर्व मंत्री के जन्मदिन पर लगाए गए थे सीसीटीवी

प्रदेश कमलनाथ सरकार में खनिज मंत्री रहे और भाजपा की शिवराज सरकार के दौरान खनिज निगम के अध्यक्ष रहे पूर्व कांग्रेसी व वर्तमान भाजपा के नेता प्रदीप जायसवाल के जन्मदिन 12 फरवरी को स्थानीय नगरपालिका द्वारा शहर में विभिन्न निर्माण कार्यो के लोकार्पण का आयोजन किया गया था उन कार्यो का लोकार्पण पूर्व मंत्री जायसवाल के द्वारा किया गया था इन कार्यो में करीब 25 लाख रुपये की लागत से शहर भर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का लोकार्पण भी पूर्व मंत्री जायसवाल ने स्थानीय थाने से किया था।

तीन माह में ही हो गए शहर भर के कैमरे खराब

किंतु तीन माह बाद ही शहर में लगे सीसीटीवी का कंट्रोलर (हार्ड डिस्क)ही खराब हो गया जिससे शहर भर में लगे कैमरे एक झटके में ही बेकार हो गए जिससे शहर में होने वाली घटनाओं पर पुलिस को सूचनाओं के भरोसे रहना पड़ रहा हैं।

हार्ड डिस्क नहीं बदली गई

सूत्रों की माने तो कंट्रोलरूम की हार्डडिस्क करीब 10 दिनों से खराब पड़ी हैं जिसकी सूचना पुलिस विभाग द्वारा फोन पर नपा के जिमेदारों को भी दी जा चुकी हैं लेकिन अभी तक जिमेदारों ने खराब पड़ी हार्डडिस्क को सुधरवाने में कोई दिलचस्पी नही ली हैं परिणामस्वरूप पूरे शहर भर में लगे सीसीटीवी कैमरे महज चौक चौराहों की बंद रहकर शोभा बढ़ा रहे हैं।

घटिया क्वालिटी के कैमरे

शहर के पुराने रामपायली चौक, गोलीबारी चौक, कटंगी मार्ग जय स्तम्भ चौक, गायत्री मंदिर के पास,दीनदयाल चौक, कालेज चौक, वारा सहित शहर के अन्य स्थानों पर करीब 25 लाख रुपए खर्च कर नपा द्वारा 29 कैमरे लगाए गए थे? इन कैमरों की क्वॉलिटी ठीक नहीं हैं जिस वजह से इन कैमरों की तस्वीरें स्पष्ट नही होने से किसी भी घटना के दौरान धुंधली तस्वीरों की वजह से जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान करने में परेशानी का सामना करना पड़ता हैं।इतना ही नही इन सीसीटीवी कैमरों को जितनी ऊँचाई पर लगाया जाना चाहिए था उतनी ऊँचाई पर ना लगाते हुए उन्हें कम ऊँचाई पर लगाया गया हैं जिससे कैमरा दूर की घटना की तस्वीरें नही ले पा रहे हैं।

 

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *