Gunda Arrest जबलपुर के थाना माढ़ोताल अंतर्गत श्रीराम कॉलेज के हॉस्टल में घुसकर एक छात्र के साथ मारपीट करने और जबरन ऑनलाइन पैसे वसूलने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर धर दबोचा। पुलिस ने न सिर्फ आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि इलाके में उसका जुलूस निकालकर अपराधियों को कड़ा संदेश भी दिया।
पीड़ित छात्र अभिषेक पांडे की शिकायत पर मुस्तैदी दिखाते हुए माढ़ोताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी आयुष राजपूत को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार के मुताबिक, आरोपी आयुष राजपूत क्षेत्र का सूचीबद्ध गुंडा है, जिसके खिलाफ पहले से ही हत्या, हत्या का प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। घटना वाले दिन आरोपी ने हॉस्टल में घुसकर अभिषेक पांडे के साथ गाली-गलौज और मारपीट की और डरा-धमकाकर उसके मोबाइल अकाउंट से ₹1500 अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 308(5) और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की और रात में ही दबिश देकर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
