Jabalpur Nagar Nigam जबलपुर में नगर निगम की अव्यवस्थाओं, भ्रष्टाचार और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। मालवीय चौक से निकली कांग्रेस की रैली नगर निगम मुख्यालय पहुंची, जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मुख्य गेट पर ही रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक हुई तथा हालात नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वॉटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने नगर निगम प्रशासन और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महापौर केवल झूठे आंकड़े और घोषणाएं कर रहे हैं, जबकि शहर की वास्तविक स्थिति बेहद खराब है। उनका आरोप था कि नगर निगम आर्थिक संकट से जूझ रहा है, जिसके कारण विकास कार्यों के टेंडर बार-बार जारी होने के बावजूद ठेकेदार काम लेने आगे नहीं आ रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने शहर में गंदे पानी की सप्लाई, खराब ड्रेनेज व्यवस्था और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन बंद होने जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि जनता से टैक्स तो पूरा लिया जा रहा है, लेकिन मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। साथ ही ‘अमृत-2’ योजना में भी बड़े पैमाने पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा और इसे वार्ड स्तर तक ले जाया जाएगा।
वहीं मौके पर मौजूद पुलिस सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि प्रदर्शन को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। नगर निगम के घेराव की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान वॉटर कैनन का उपयोग किया गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कांग्रेस जिला अध्यक्ष सहित करीब 10 से 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
