Gundagirdi जबलपुर के लॉर्डगंज थाना अंतर्गत पुलिसकर्मियों की शह पर एक दफ्तर में सरेआम गुंडागर्दी और लूटपाट को अंजाम दिया गया। रानीताल स्थित इवेंट, फाइनेंस और ई-वाहन व्यवसाय की फर्म ‘सी.ई.एम.जी.’ के प्रोप्राइटर हिमांशु यादव ने पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर लॉर्डगंज थाने के ए.एस.आई. मनोज गोस्वामी और अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के मुताबिक, 3 जून 2026 की शाम को रूबीना बबेले और उसका पति शिवम बबेले पुलिसकर्मियों के साथ दफ्तर में घुस आए। उन्होंने न केवल स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की, बल्कि ऑफिस का पूरा सामान, सीसीटीवी का डीवीआर दो ई-रिक्शा और एक इलेक्ट्रिक बाइक भी जबरन उठा ले गए और दफ्तर में ताला जड़ दिया।
पीड़ित कारोबारी का आरोप है कि यह पूरी साजिश लोन न मिलने की रंजिश और अवैध वसूली के लिए रची गई थी। मुख्य आरोपी महिला ने पहले लोन की मांग की थी, लेकिन सिबिल स्कोर खराब होने के कारण बैंक से लोन स्वीकृत नहीं हो सका।
इसके बाद आरोपी महिला ने खुद को ए.एस.आई. मनोज गोस्वामी की बहन बताते हुए दफ्तर बंद कराने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने उससे 6 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से पूरा स्टाफ और पीड़ित परिवार बुरी तरह डरा हुआ है, जिसकी पूरी शिकायत अब पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है।
