Hotel Relax Inn सिंगल आईडी पर किया रूम बुक, लूट और हत्या के बाद साफ निकल गए क़ातिल

Hotel Relax Inn सिंगल आईडी पर किया रूम बुक, लूट और हत्या के बाद साफ निकल गए क़ातिल

Hotel Relax Inn जबलपुर के धनवंतरी नगर में सनसनी फैलाने वाले ‘होटल कांड’ में एक बड़ा खुलासा हुआ है। 8 तारीख को जिस महिला की रक्तरंजित लाश होटल के कमरे में मिली थी, उसकी पहचान 24 घंटे के भीतर हो गई है। लेकिन इस पहचान के साथ ही ‘होटल रिलैक्स इन’ के प्रबंधन पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर कैसे नियमों को ताक पर रखकर होटल ने सिर्फ एक आईडी पर दो लोगों को कमरा दे दिया।

पहचान और लूट की आशंका
होटल के कमरे में मिली अज्ञात महिला की पहचान भेड़ाघाट निवासी 35 वर्षीय दुर्गा वाल्मीकि के रूप में हुई है। मृतका की बहन सोनम कोष्टा ने बताया कि दुर्गा 6 तारीख को अपनी मां से मिलने आई थी और 10 हजार रुपये की पेंशन लेकर निकली थी। मौके से दुर्गा के पैसे और मोबाइल गायब हैं, जिससे यह साफ है कि वारदात लूट और हत्या के इरादे से की गई है।

होटल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही
इस पूरे हत्याकांड में होटल की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई है कि होटल प्रबंधन ने ‘सिंगल आईडी’ पर रूम अलॉट कर दिया था। नियमों के मुताबिक, होटल में रुकने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान दर्ज करना अनिवार्य है, मगर होटल की लापरवाही ने अपराधी का काम आसान कर दिया। इसी लापरवाही की वजह से आरोपी वारदात को अंजाम देकर बड़ी आसानी से फरार होने में कामयाब रहा।

परिजनों का आरोप और मुख्य संदिग्ध
मृतका के परिजनों ने भेड़ाघाट के ही एक होटल कर्मचारी ‘जम्मन’ पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि जम्मन ने ही दुर्गा को मिलने के लिए होटल बुलाया था। परिजनों ने यह भी खुलासा किया कि जम्मन की पत्नी पूर्व में दुर्गा को जान से मारने की धमकी दे चुकी थी।

फिलहाल, संजीवनी नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मुख्य संदिग्ध जम्मन की तलाश तेज कर दी है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और नियमों के उल्लंघन को लेकर होटल प्रबंधन पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *