Ghamapur Killing: आरोपियों के बचाने का प्रयास कर रही पुलिस, परिजनों का आरोप

Ghamapur Killing: आरोपियों के बचाने का प्रयास कर रही पुलिस, परिजनों का आरोप

Ghamapur Killing जबलपुर के घमापुर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार को मृतका के परिजनों और स्थानीय महिलाओं ने घमापुर थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि महिला की बेरहमी से हत्या की गई है, जबकि पुलिस मामले को दबाने और आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका एक बंगले में घरेलू कामकाज करती थी। परिजनों का दावा है कि उसे खाने-पीने के बहाने बुलाया गया और वहां मौजूद करीब 6-7 लोगों ने उसके साथ मारपीट की। परिजनों ने अत्यंत गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला की आंखें निकाल ली गईं, दांत तोड़ दिए गए और साक्ष्यों को मिटाने के लिए उसे फांसी पर लटका दिया गया।

थाने के बाहर प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने पुलिस पर गुमराह करने का आरोप लगाया है। एक प्रदर्शनकारी महिला ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस वाले कह रहे हैं कि आरोपी पकड़ा गया है, लेकिन जब हमने थाने में देखा तो वहां कोई नहीं था। फिर कहा गया कि आरोपी बरेला थाने में है, लेकिन वहां फोन करने पर पता चला कि वहां भी कोई नहीं है। प्रशासन आखिर किसे बचाने की कोशिश कर रहा है?”

परिजनों का कहना है कि पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें इधर-उधर भटका रही है। वहीं  घमापुर पुलिस के अधिकारी मधुर पटेरिया ने बताया कि मृतका का शव घर में संदिग्ध अवस्था में मिला था। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की मांगों को सुना गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। घटना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मृतका के परिजनों ने सीएसपी मधुर पटेरिया से मांग की है कि इस जघन्य कृत्य में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाने की बात कह रही है।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *