SIR 2026 मतदाता जागरूकता और घर-घर सत्यापन अभियान की समीक्षा

SIR 2026 मतदाता जागरूकता और घर-घर सत्यापन अभियान की समीक्षा

SIR 2026 नोडल अधिकारी स्वीप-कम-जिला शिक्षा अधिकारी  राजेश शर्मा  चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR 2026) के तहत मतदाता जागरूकता अभियान की तैयारियों, रणनीति तथा जन-भागीदारी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से स्वीप कोर कमेटी की बैठक की अध्यक्षता की।

इस अवसर पर उन्होंने बताया कि 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक चलने वाले घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान का मुख्य उद्देश्य 100 प्रतिशत योग्य मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करना तथा डुप्लीकेट वोटों को समाप्त करना है। उन्होंने बताया कि जिला अमृतसर में 88.29 प्रतिशत प्री-एस.आई.आर. मैपिंग का कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है, जबकि शेष 2,30,843 मतदाताओं को इस विशेष जागरूकता अभियान के तहत कवर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भारतीय चुनाव आयोग की नई डिजिटल पहल “बुक ए कॉल विद बी.एल.ओ.” अभियान को जिले के प्रत्येक स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इस सुविधा के तहत नागरिक ई.सी.आई.एन.ई.टी. ऐप अथवा चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बी.एल.ओ.) के साथ सीधे कॉल बुक कर सकेंगे। इसके माध्यम से नई वोट बनवाने, संशोधन, नाम परिवर्तन अथवा वोटर आई.डी. संबंधी समस्याओं का समाधान घर बैठे संभव होगा। उन्होंने बताया कि स्वीप आइकनों के रूप में स्थानीय खेल हस्तियों, सांस्कृतिक प्रतीकों तथा युवा इन्फ्लुएंसर्स को भी अभियान से जोड़ने का निर्णय लिया गया है, ताकि युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा सके।

नोडल अधिकारी ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि लोगों को अधिक जागरूक करने के लिए इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स (ट्विटर) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एस.आई.आर.-2026 के शेड्यूल, दावों एवं आपत्तियों की प्रक्रिया तथा “बुक ए कॉल विद बी.एल.ओ.” सुविधा संबंधी जानकारी देने हेतु इन्फोग्राफिक्स, लघु वीडियो और रील्स तैयार की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत प्रिंट मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाने के लिए लोक संपर्क विभाग के सहयोग से ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में क्षेत्रीय समाचार पत्रों में नियमित प्रेस नोट, मतदाता हेल्पलाइन नंबर तथा जागरूकता विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे, ताकि 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।

उन्होंने यह भी बताया कि सभी शैक्षणिक संस्थानों में वोटर अवेयरनेस फोरम (वी.ए.एफ.) स्थापित किए जाएंगे, ताकि 18-19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र विद्यार्थियों का 100 प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित किया जा सके।

नोडल अधिकारी ने जिला अमृतसर के सभी निवासियों से अपील की कि वे घर-घर आने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) को सही जानकारी देकर सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए टोल-फ्री मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 का उपयोग करें।

इस बैठक में राजिंदर सिंह (चुनाव तहसीलदार), योगेश कुमार, सहायक लोक संपर्क अधिकारी, सौरभ खोसला, जिला स्वीप कोऑर्डिनेटर  पंकज कुमार, स्वीप टीम सदस्य मुनीश कुमार एवं आशु धवन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *