देश में बढ़ती महंगाई और NEET परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक मामले को लेकर देशव्यापी आक्रोश अब साइबर सिटी की सड़कों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। गुरुग्राम के ऐतिहासिक सिद्धेश्वर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और महंगाई का पुतला फूंककर अपना रोष प्रकट किया। इस उग्र प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे गुरुग्राम कांग्रेस के जिला शहरी अध्यक्ष पंकज डावर ने मीडिया से बातचीत में सरकार पर तीखे हमले किए। पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर बरसते हुए डावर ने कहा कि पिछले एक हफ्ते में ही तीन बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। कल सुबह भी चुपके से 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई। उन्होंने कहा कि हमने पहले ही कहा था चुनाव खत्म और इनकी लूट चालू! इस खुली लूट से आज पूरा देश कराह रहा है।
वही कांग्रेस नेता राजेश यादव ने महंगाई के आंकड़ों और इसके प्रभाव पर स्पष्ट किया कि ईंधन के दाम बढ़ने से सीधे मालभाड़ा बढ़ता है। इसका सीधा असर दैनिक उपयोग की हर बुनियादी चीज़ पर पड़ता है, जिससे गृहणियों का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। उन्होंने तंज कसा कि देश के इतिहास में आज तक जनता ने ऐसी कमरतोड़ महंगाई नहीं देखी। महंगाई के अलावा पंकज डावर और राजेश यादव ने NEET परीक्षा विवाद को लेकर भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने कहा कि देश में बार-बार हो रहे पेपर लीक के कारण पूरी दुनिया में भारत की किरकिरी हो रही है। जब उनसे इस मामले में सरकार द्वारा दिए गए सीबीआई (CBI) जांच के आदेशों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसियों की निष्पक्षता को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। डावर ने आरोप लगाया की सीबीआई (CBI), ईडी (ED) और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियां अब सिर्फ सरकार का तोता बनकर रह गई हैं। इन एजेंसियों का इस्तेमाल सिर्फ अपने लोगों को क्लीन चिट देने और मुख्य मामले को भटकाने के लिए किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक नया और आक्रामक नारा बुलंद किया पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से। पंकज डावर ने दावा किया कि यह नारा अब केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि पूरे देश की आवाज बन चुका है। इसके साथ ही उन्होंने गुरुग्राम की स्थानीय समस्याओं (टूटी सड़कें, जलभराव और गंदगी के ढेर) का जिक्र करते हुए स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार को पूरी तरह भ्रष्ट करार दिया।
प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त (DC) के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। गुरुग्राम की सड़कों पर हुआ यह उग्र प्रदर्शन इस बात का साफ संकेत है कि आने वाले दिनों में महंगाई और युवाओं के भविष्य (रोजगार/परीक्षा) से जुड़े इन मुद्दों पर सियासत और ज्यादा गरमाने वाली है