Heatwave गुरुग्राम-दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे गुरुग्राम में इन दिनों भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) का प्रकोप जारी है। सूर्यदेव के तीखे तेवरों के कारण जिले में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। दिन के समय चल रही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, वहीं अब रातें भी गर्म और उमस भरी होने लगी हैं, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है।
बढ़ते तापमान और हीट स्ट्रोक (लू लगने) के खतरे को देखते हुए गुरुग्राम के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. लोकवीर सिंह ने आम जनता के लिए विशेष अपील और स्वास्थ्य एडवायजरी जारी की है। सीएमओ डॉ. लोकवीर सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे के बीच, जब धूप सबसे तेज होती है, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। इस दौरान हीट स्ट्रोक का खतरा सबसे ज्यादा होता है। ऐसे में शरीर में पानी की कमी न होने दें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ-साथ नींबू पानी, छाछ, लस्सी और ओआरएस (ORS) के घोल का नियमित सेवन करते रहें। यदि किसी जरूरी काम से बाहर जाना ही पड़े, तो धूप से बचने के लिए छाते का प्रयोग जरूर करें। आंखों की सुरक्षा के लिए सनग्लासेस (चश्मा) पहनें और सिर को टोपी या सूती दुपट्टे/कपड़े से अच्छी तरह ढककर रखें।
Gurugram #Heatwave की चपेट में, क्या बोले CMO लोकवीर सिंह देखें pic.twitter.com/r5R21t0N3v
— news wala (@NewsWalaOrg) May 20, 2026
गर्मी के मौसम में शरीर को आराम देने वाले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं खास ध्यान रखे। डॉ. लोकवीर सिंह ने विशेष तौर पर कहा कि बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को इस मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है, क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है और वे हीट स्ट्रोक की चपेट में जल्दी आ सकते हैं। यदि किसी को तेज बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण महसूस हों, तो इसे हल्के में न लें। यह हीट स्ट्रोक के लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या डॉक्टर से संपर्क करें।
