Waraseoni अर्ध नग्न हालत में मिला युवक का शव, मार-पीट कर हत्या की आशंका

Waraseoni अर्ध नग्न हालत में मिला युवक का शव, मार-पीट कर हत्या की आशंका

Waraseoni  वारासिवनी पुलिस अनुविभाग अंतर्गत रामपायली थाना क्षेत्र के ग्राम गर्राबोड़ी के पास मुरझड़ रोड किनारे पटबर्रा मैदान में बुधवार को एक व्यक्ति का संदिग्ध हालात में शव मिलने से इलाके में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और घटना की खबर तेजी से फैल गई। मृतक की पहचान तरूण लिल्हारे 23 वर्ष पिता टोपसिंह लिल्हारे निवासी खैरलांजी के रूप में की गई है।

खैरलॉजी में वेल्डिंग की दुकान संचालित करता था युवक

बताया जा रहा है कि तरूण लिल्हारे खैरलांजी में वेल्डिंग की दुकान संचालित करता था। परिजनों के अनुसार वह 5 मई की शाम दुकान बंद कर घर लौटा था और रात करीब 10 बजे शादी समारोह में जाने की बात कहकर बाइक लेकर निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

ग्रामीणों ने देखा शव

बुधवार सुबह गर्राबोड़ी के पास ग्रामीणों ने सडक़ किनारे झाडिय़ों में उसका शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर डायल 112 और रामपायली पुलिस पहुंची। इसके बाद एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अभिषेक चौधरी भी तत्काल घटना स्थल पर पहुॅच गए थे। जहॉ पर पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया और उसके बाद पंचनामा कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रामपायली भेज दिया गया।

शरीर पर कपड़े नहीं और मारपीट के निशान

घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। मृतक के शरीर पर मारपीट के निशान पाए गए हैं, वहीं उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और उसकी बाइक उसी के ऊपर गिरी हुई मिली। इन तथ्यों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और पिटाई कर हत्या की गई और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया।

किसी युवती से प्रेम प्रसंग की चर्चा

इधर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। बताया जा रहा है कि युवक का किसी युवती से प्रेम संबंध था और वह उसी से मिलने रात में निकला था। हालांकि इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

संदिग्धों से पूछताछ

जानकारी अनुसार इस मामले में रामपायली पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में रखा हुआ है। जहॉ पर पुलिस अधीक्षक बालाघाट आदित्य मिश्रा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अभिषेक चौधरी व अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा उनसे पूछताछ की जा रही है। इस पूछताछ में युवक की मौत के कारणों का खुलासा होने की पूरी संभावना है।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *