Punjab SIR भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंजाब राज्य में मतदाता सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की जाएगी। इस प्रक्रिया के तहत 25 जून से 24 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLOs) घर-घर जाकर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन संबंधी फार्म भरेंगे। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी दलविंदरजीत सिंह ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित विशेष बैठक के दौरान दी।
डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह बताया कि जिले में प्री-एस.आई.आर. के तहत 88.27 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है। जिले में कुल 2134 पोलिंग स्टेशन हैं, जिनमें 19,71,179 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 17,39,946 मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है, जबकि 2,31,233 मतदाता अभी अनमैप हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए जिले में 2134 बी.एल.ओ., 213 सुपरवाइजर सहित पूरा चुनावी अमला नियुक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि बी.एल.ओ. को प्रशिक्षण देने और अन्य तैयारियों का कार्य 15 जून से 24 जून तक किया जाएगा। पोलिंग स्टेशनों के रेशनलाइजेशन का कार्य 24 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाएगा। इस संबंध में यदि राजनीतिक पार्टियों के कोई सुझाव हैं तो वे संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में जमा करवा सकते हैं।
मतदाता सूची का प्रारूप 31 जुलाई 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। मतदाता सूचियों संबंधी दावे और आपत्तियां 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रस्तुत की जा सकेंगी। दावों और आपत्तियों का निपटारा 31 जुलाई से 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 1 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक पार्टियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करें तथा इसकी सूचना संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में जमा करवाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी कर्मचारी बूथ लेवल एजेंट के रूप में कार्य नहीं कर सकता।
उन्होंने बताया कि जिला अमृतसर का वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 है। इस नंबर पर चुनाव या एस.आई.आर. संबंधी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर तहसीलदार चुनाव इंदरजीत सिंह, चुनाव कानूनगो राजिंदर सिंह, इंडियन नेशनल कांग्रेस (देहाती) के सचिव हरगुरिंदर सिंह गिल, भारतीय जनता पार्टी (देहाती) से विक्रम डंडोना, आम आदमी पार्टी (देहाती) से गुरप्रताप सिंह, इंडियन नेशनल सेक्यूलर डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया से कर्नल एम.एस. संधू, ऑल इंडिया मजदूर पार्टी (रंगरेटा) के प्रधान गुरपाल सिंह, शिरोमणि लोक दल पार्टी के प्रधान सुरिंदर कुमार खोसला, सच्चो सच पार्टी के प्रधान डॉ. नरेंद्र कुमार तथा आस पंजाब पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जुगल किशोर भी उपस्थित थे।