Forced Conversion बिजनौर के एक नाबालिग को कश्मीर ले जाकर धर्मांतरित कर मुसलमान बनाने की घटना से भूचाल सा आ गया है। आरोप है कि विशाल नामके नाबालिग विशाल को काजीपाड़ा निवासी वसीम कश्मीर ले गया था। वहां उस पर दबाव डालकर और बहला फुसला कर धर्म परिवर्तन के लिए विवश किया गया।
इस घटना का खुलासा सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद हुआ, जिसमें विशाल एक मस्जिद के भीतर धर्म परिवर्तन की रस्म पूरा करते हुए ‘हमजा’ नाम अपनाता दिख रहा है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर यूपी और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मामला दर्ज कर संयुक्त तफ्तीश शुरू कर दी है।
पीड़ित नाबालिग के पिता कृष्ण कुमार ने बताया कि वसीम का परिवार के साथ पुराना पेशेवर संबंध था, जिसका फायदा उठाकर उसने उनका भरोसा जीता। करीब तीन-चार साल पहले वसीम सैलून का काम सिखाने के बहाने विशाल को अपने साथ जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा ले गया था। शुरुआत में परिवार को कोई शक नहीं हुआ क्योंकि वसीम उनके घर आता-जाता रहता था और आर्थिक मदद भी करता था। लेकिन हाल ही में एक अज्ञात नंबर से कॉल आई कि लड़के ने इस्लाम अपना लिया है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गईं। पीड़ित परिवार अपने बेटे की सुरक्षित वापसी की मांग को लेकर स्थानीय बीजेपी नेता ऐश्वर्या चौधरी के आवास पर पहुंचा। वहां बीजेपी नेता के प्रयासों से पीड़ित माता-पिता की विशाल से वीडियो कॉल पर बातचीत कराई गई, जिसे देख मां-बाप बेहद भावुक हो गए और रो पड़े। बीजेपी नेता ऐश्वर्या चौधरी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि विशाल की सकुशल घर वापसी के लिए प्रशासनिक स्तर पर हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
दूसरी तरफ, बिजनौर में आरोपी वसीम की मां मोहम्मदी ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि उनके बच्चे पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह गलत और झूठे हैं। मोहम्मदी ने दावा किया कि वह अपने बेटे वसीम के साथ लगातार संपर्क में हैं और विशाल पिछले ढाई साल से उनके बेटे के साथ नहीं रह रहा था। हालांकि, पीड़ित परिवार का कहना है कि विशाल अभी पूरी तरह नाबालिग है और उनके पास उसकी उम्र साबित करने के लिए हाईस्कूल की मार्कशीट सहित अन्य जरूरी कानूनी दस्तावेज मौजूद हैं।
इस संवेदनशील मामले पर जम्मू-कश्मीर की कुपवाड़ा पुलिस ने संज्ञान लेते हुए एफआईआर संख्या 133/2026 दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी है। पुलिस पिता की शिकायत के आधार पर वसीम की भूमिका की जांच कर रही है। वहीं, बिजनौर की कोतवाली नगर पुलिस ने भी वसीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जम्मू-कश्मीर पुलिस से संपर्क साधा है ताकि लड़के की कस्टडी ली जा सके। (बिजनौर से रविंद्र कुमार की रिपोर्ट)