Yogi Aditya Nath उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में जनसभा में माथाभांगा विधान सभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार के लिए वोट मांगे। योगी ने कहा कि यह धरती स्वामी विवेकानंद की धरती है। स्वामी विवेकानंद ने वैश्विक मंच पर जाकर के कहा था गर्व से कहो हम हिन्दू हैं। यह बंगाल की धरती का तेज है। याद करिए बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय जिन्होंने भारत की आजादी का अमर मंत्र वंदे मातरम भारत को दिया था। ये वही धरती है, जिसने भारत को भारत का राष्ट्र गान, गुरुदेव रविंद्रनाथ ठाकुर के माध्यम से दिया। साहित्य के लिए भारत का पहला नोबल प्राइज गुरुदेव रविंद्रनाथ ठाकुर को प्राप्त हुआ था। बंगाल के कारण प्राप्त हुआ था। बंगाल की माटी के कारण प्राप्त हुआ था।
उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस जिन्होंने भारत की आजादी के लिए भारत के युवाओं का आह्वान किया था, तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। क्या नारा था! क्या आह्वान था! कौन ऐसा भारतीय होगा जिसकी भुजाएं ना फड़कती हो, नेताजी सुभाष चंद्र बोस का नाम लेकर के। जिन्होंने भारत की आजादी के लिए हंसते हंसते फांसी के फंदे को चूमने वाले खुदीराम बोस इसी बंगाल की धरती की देन है। उन्होंने कहा कि हम भारत में गौमाता को न तो कटने देंगे और हिंदुओं को कहीं बंटने देंगे।
सीएम योगी ने कहा कि याद करिए यही बंगाल है जिसने डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को जन्म दिया। भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष उन्होंने कहा कि देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं चलेंगे, नहीं चलेंगे। और तत्कालीन कांग्रेस सरकार की अराजकता, तुष्टीकरण की नीति के खिलाफ लड़ते हुए उन्होंने अपने आप को बलिदान किया था। डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के उस सपने को प्रधानमंत्री मोदी जी ने कश्मीर में धारा 370 समाप्त करके साकार किया।