Gurugram Cong Protest केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का चौतरफा हमला तेज हो गया है। बढ़ती महंगाई और नीट परीक्षा धांधली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन (Gurugram Cong Protest) किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस के ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो सरकार बुलेट ट्रेन और आधुनिक रेलगाड़ियों के बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई थी, उसने आज देश की जनता को आजादी से पहले के दौर में धकेल दिया है।
प्रदर्शन के दौरान अनोखा विरोध जताते हुए वर्धन यादव ने कहा कि आज हमें मेट्रो और बुलेट ट्रेन की जगह घोड़ा-गाड़ी (टट्टू ठेले) पर सवार होना पड़ रहा है। जनता महंगाई से त्रस्त है और सरकार आंखें मूंदे बैठी है।
वही कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र ने ईंधन और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज पेट्रोल-डीजल, सीएनजी (CNG), पीएनजी (PNG) और एलपीजी (LPG) के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। घरेलू जरूरत की चीजें और दूध के दाम भी आम जनता की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। महंगाई के साथ-साथ कांग्रेस ने नीट 2026 परीक्षा लीक मामले को लेकर भी सरकार को बुरी तरह घेरा।
एससी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल धानक ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नीट परीक्षा के पेपर लीक होने से देश के 24 लाख छात्रों और उनके परिवारों के सपने चूर-चूर हो गए हैं। सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में पूरी तरह नाकाम रही है। जब तक पेट्रोल-डीजल, दूध के दाम कम नहीं होते और NEET के पीड़ित छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रदर्शन (Gurugram Cong Protest) के अंत में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर एसडीएम (SDM) के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के हाथों में पेपर चोर सरकार, महंगाई की मार और NEET 2026 SCAM लिखे हुए पोस्टर और बैनर थे। कांग्रेसियो ने कहा कि यह गूंगी-बहरी सरकार भले ही जनता की आवाज न सुन रही हो, लेकिन विपक्ष सड़कों पर उतरकर उसे जगाने का काम लगातार करता रहेगा। अब देखना यह होगा कि विपक्ष के इस चौतरफा हमले और देशव्यापी आक्रोश के बाद क्या सरकार बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने और परीक्षा प्रणाली में सुधार को लेकर कोई ठोस कदम उठाती है या नहीं।
