Rahul Fazilpuria के इवेंट मैनेजर पर हमला, घर पर दांगी गोलियां

Rahul Fazilpuria के इवेंट मैनेजर पर हमला, घर पर दांगी गोलियां

Rahul Fazilpuria साइबर सिटी के पॉश इलाके सेक्टर 40 में शनिवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब दो बाइकों पर सवार हथियारबंद बदमाशों ने बॉलीवुड सिंगर राहुल फाजिलपुरिया के इवेंट ऑर्गेनाइजर सौरव यादव के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में सौरव यादव की सुरक्षा में तैनात पुलिस सिपाही कुलविंदर को दो गोलियां लगी हैं। उन्हें गंभीर हालत में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

हवाई फायरिंग से शुरू हुई वारदात

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर आए और सौरव यादव के घर के बाहर हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर सुरक्षाकर्मी कुलविंदर अपनी राइफल तानकर घर से बाहर निकले। जैसे ही उन्होंने बदमाशों का मुकाबला करने की कोशिश की, हमलावरों ने उन पर सीधी फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने के कारण कुलविंदर वहीं गिर पड़े, जबकि सौरव यादव इस हमले में बाल-बाल बच गए।

गैंगस्टर की धमकी का एंगल

बताया जा रहा है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल ने सौरव यादव को पहले ही जान से मारने की धमकी दी थी। इस धमकी की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने सौरव यादव को दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए थे। शनिवार की रात हुई यह वारदात उसी पुरानी दुश्मनी या धमकी का हिस्सा मानी जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के तमाम आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और हमलावरों की पहचान के लिए क्षेत्र के तमाम सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *