Love Jihad गाडरवारा में एक युवती के लापता होने के मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी और ग्रामीण कार्यकर्ताओं ने गाडरवारा थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 4 अप्रैल को कॉलेज के लिए निकली युवती अब तक घर नहीं लौटी है और उसे “लव जिहाद” का शिकार बनाया गया है।
मामले में बैरागढ़ निवासी अरशद खान उर्फ असहान खान पर संदेह जताया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पुलिस को जानकारी देने के बावजूद अब तक न तो युवती का पता लगाया जा सका है और न ही संबंधित युवक का नाम एफआईआर में जोड़ा गया है।
पहले ज्ञापन देने के बाद कार्रवाई नहीं होने पर आज कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर थाने का घेराव किया और हनुमान चालीसा का पाठ कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
विश्व हिंदू परिषद जिला अध्यक्ष द्वारा बताया गया कि पुलिस प्रशासन को पहले भी ज्ञापन देकर दो दिन का समय दिया था, लेकिन अभी तक युवती का कोई पता नहीं चल पाया है। हमारी मांग है कि संबंधित आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और युवती को सुरक्षित बरामद किया जाए। अगर प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो बजरंग दल पूरे जिले में बड़ा आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।