Yoga Day एनटीपीसी गाडरवारा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह एवं ऊर्जा के साथ किया गया। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में 100 से अधिक कर्मचारियों, अधिकारियों, उनके परिजनों एवं टाउनशिप निवासियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिम्मत सिंह चौहान, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी गाडरवारा थे। इस अवसर पर राधेश्याम मौर्य, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं प्रचालन), राजीव त्रिपाठी, महाप्रबंधक (परियोजना) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात योग प्रशिक्षिका प्राची कुरचानिया, संस्थापक, शैवास योगशाला द्वारा योग सत्र का संचालन किया गया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
अपने संबोधन में कार्यकारी निदेशक हिम्मत सिंह चौहान ने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए सभी से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम ने प्रतिभागियों में स्वास्थ्य जागरूकता, सकारात्मक ऊर्जा एवं सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहित किया। अंत में सभी ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
