Crime: जबलपुर में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने दहशत का तांडव मचाया। रांझी थानांतर्गत न्यू शोभापुर भानपुरा इलाके में नकाबपोश बदमाशों ने कॉलोनी में घुसकर फिल्मी स्टाइल में ताबड़तोड़ बमबाजी और पत्थरबाजी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश एक्टिवा गाड़ी में भरकर बम और पत्थर लेकर पहुंचे और आदित्य सिंह व अक्षय सिंह के घरों को निशाना बनाया। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी लगातार बम और पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। बदमाशों ने कई कारों में भी तोड़फोड़ की।
सीसीटीवी की फुटेज से होगा बदमाशों का खुलासा
बदमाशों के फरार होजाने के बाद सूचना थाना रांझी से पुलिस मौके पर पहुंची और रिवायतन मौके से देशी बमों के टुकड़े इत्यादि के नमूने लिए और चली गई। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाउ मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
सूअर मार बमों का इस्तेमाल
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने जंगली सूअरों को भगाने के लिए हाथ से बनाए गए देसी बमों का इस्तेमाल किया था। हालांकि ये बम किसने तैयार किए और इन्हें कहां से लाया गया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने बमों के अवशेष जब्त कर जांच के लिए भेज दिए हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को बताया कि घटनास्थल के पीछे एक खाली प्लॉट है, जहां अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और शराबखोरी जैसी गतिविधियां होती हैं।
संदिग्धों से पूछताछ कर रही पुलिस
आशंका जताई जा रही है कि उसी क्षेत्र में घूमने वाले कुछ युवक इस वारदात में शामिल हो सकते हैं। पुलिस संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल घटना के बाद से न्यू शोभापुर क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।