Ganja Taskar लखनादौन पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 86.600 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा एवं एक स्विफ्ट डिजायर कार सहित कुल 51 लाख 30 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में लखनादौन पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमपी 49 सी 3251 में बड़ी मात्रा में गांजा नागपुर से भोपाल ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी पुलिस लखनादौन श्री अपूर्व भलावी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बम्होड़ी ब्रिज के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और गांजा तस्करों (Ganja Taskar) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर सीट के नीचे बनाए गए गुप्त चेंबर से 15 पैकेट गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे का कुल वजन 86.600 किलोग्राम पाया गया। पूछताछ में गांजा तस्करों (Ganja Taskar) ने अपने नाम जाकिर मिया (58 वर्ष) एवं कमल जाटव (41 वर्ष) निवासी भोपाल बताए।
पुलिस ने दोनों गांजा तस्करों (Ganja Taskar) के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क एवं अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 43 लाख 30 हजार रुपये तथा कार की कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनादौन के.पी. धुर्वे सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
