Rani Durgawati University से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक छात्रा ने विश्वविद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का कहना है कि उसे एक विषय में फेल कर दिया गया, लेकिन जब उसने अपनी उत्तर पुस्तिका देखी, तो पता चला कि कॉपी जाँची ही नहीं गई थी और मनमर्जी से नंबर चढ़ा दिए गए।
जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में शिक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। बीपीएड की छात्रा निकिता रजक ने आरोप लगाया है कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। निकिता के मुताबिक, कल उनका परीक्षा परिणाम आया जिसमें उन्हें एक विषय में एटीकेटी दे दी गई। जब उन्होंने विभाग में अपनी कॉपी देखने की गुहार लगाई, तो जो सामने आया वो हैरान करने वाला था।
छात्रा का आरोप है कि उसकी उत्तर पुस्तिका को बिना जाँचे ही उस पर 11 नंबर चढ़ा दिए गए। निकिता ने बताया कि उन्होंने सभी 8-9 सवालों के जवाब लिखे थे, लेकिन प्रबंधन का कहना है कि सिर्फ 5 सवाल ही जाँचे गए हैं।
सबसे बड़ी परेशानी यह है कि आज एमपीएड के फॉर्म भरने की आखिरी तारीख है, और रिजल्ट में गड़बड़ी होने के कारण छात्रा आगे की पढ़ाई के लिए आवेदन नहीं कर पा रही है। जब छात्रा ने एचओडी से शिकायत की, तो प्रबंधन अपनी गलती मानने के बजाय मामले को टालता हुआ नज़र आ रहा है।
