Cow Smuggling गौ वंश तस्करी का सिलसिला जिले में थमने का नाम नहीं ले रही है। कुछ दिन पूर्व लालबर्रा में पुलिस ने 48 गौ वंश की तस्करी का भंडाफोड़ किया था और तस्करों से गौवंश को बरामद किया गया था। अब इसी कड़ी में वारासिवनी पुलिस द्वारा 13 मई की रात्रि में एक पिकअप वाहन क्रमांक एम एच 34 बी जी 0383 में बेदर्दी से भरे गए 3 गौवंश को तस्करों से छुड़ाने में सफलता हासिल की है।
जानकारी अनुसार 13 मई को वारासिवनी पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग पिकअप वाहन में गौवंश को कटने के लिए ले जा रहे है। सूचना मिलने पर वारासिवनी पुलिस के अधिकारियों ने वाहन का पीछा करते हुए उसे कटंगी मार्ग पर चंदोरी में स्थित शिव मंदिर के सामने पकड़ा। इस पिकअप वाहन में 3 गौवंश बेदर्दी के साथ भरे हुए थे।
पुलिस ने पिकअप वाहन चालक अजय पिता अजब लाल मसकरे एवं धनीराम को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पिकअप वाहन में भरे हुए 3 गौवंश को चंदोरी स्थित गौशाला के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 धारा 4, 6/9 गौ वंश प्रतिषेध अधिनियम 2004 एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को व्यवहार न्यायालय वारासिवनी में जेएमएफसी न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों ही आरोपियों को जेल भेज दिया है।