Suicide का वीडियो सामने आने के बाद केस फिर खुला, जांच शुरू, ससुराल वाले जा सकते हैं जेल

Suicide का वीडियो सामने आने के बाद केस फिर खुला, जांच शुरू, ससुराल वाले जा सकते हैं जेल

Suicide लगभग दो महीने बाद एक वीडियो सामने आने के बाद आत्महत्या के मामले में जबलपुर पुलिस ने फिर से जांच शुरू कर दी है। घटना 3 मार्च की है, लेकिन अब करीब दो महीने बाद मंगलवार को सामने आए एक वीडियो ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। वीडियो में युवक ने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष के लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने केस की जांच फिर से शुरू कर दी है। मृतक की पहचान लोकेश सिंह के रूप में हुई है।

लोकेश पिछले डेढ़ साल से जबलपुर में दोस्तों के साथ रहकर कुर्सी बेचने का काम करता था। घटना के दिन उसका शव जबलपुर से 15 किलोमीटर दूर ग्राम सूखा के पास नहर किनारे एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया था।

आत्महत्या से पहले बनाया वीडियो

लोकेश की मौत के बाद उसका मोबाइल परिजनों के पास था। चार दिन पहले पिता ने मोबाइल चेक किया तो उसमें एक वीडियो मिला, जिसे लोकेश ने आत्महत्या से कुछ मिनट पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने राजस्थान निवासी ससुर अरसी सिंह कछवाहा, इंदर सिंह कछवाहा, साबू बाई और पत्नी तारा बाई पर गंभीर आरोप लगाए। लोकेश ने वीडियो में कहा कि उसकी एक लड़की के साथ फोटो सोशल मीडिया पर डालकर परिवार और समाज में उसकी बदनामी की गई। उसने वीडियो में रस्सी दिखाते हुए कहा कि जिन लोगों के नाम वह ले रहा है, उन्हें “आराम से गंगा जी भेजो”। उसने यह भी कहा कि “आप लोग जो कर रहे हो, वह ठीक नहीं है।”

बचपन में तय हुई थी शादी

मृतक के पिता तूफान सिंह के मुताबिक लोकेश की शादी बचपन में ही तय हो गई थी। बाद में ससुराल पक्ष उसे लगातार परेशान कर रहा था। इसी तनाव के चलते उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पिता का आरोप है कि उन्होंने पहले भी नुनसर पुलिस चौकी में शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इंस्टाग्राम पर शेयर एक फोटो से उठा था विवाद

घटना से कुछ दिन पहले लोकेश ने एक युवती को किस करते हुए फोटो इंस्टाग्राम पर अपलोड की थी। फोटो वायरल होकर ससुराल पक्ष तक पहुंच गई। इसके बाद गांव में सामाजिक बैठक हुई, जिसमें फोटो पर आपत्ति जताई गई। लड़की के पिता ने कहा कि इस तरह की हरकत करने वाले युवक से शादी नहीं कर सकते और बेटी को भेजने से इनकार कर दिया। इसके बाद रिश्ता टूटने की स्थिति बन गई थी।

पुलिस ने कहा पूछताछ होगी

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि लोकेश ने दो महीने पहले आत्महत्या की थी। अब उसके पिता वीडियो लेकर पुलिस चौकी पहुंचे हैं। वीडियो में जिन लोगों के नाम लिए गए हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *