Crime जबलपुरः घर के अंदर महिला की लाश, पुलिस ने दरवाजा खोला तो उड़े होश-देखें तस्वीरें

Crime जबलपुरः घर के अंदर महिला की लाश, पुलिस ने दरवाजा खोला तो उड़े होश-देखें तस्वीरें

Crimeमध्यप्रदेश के जबलपुर में घमापुर थाना क्षेत्र में एक घरेलू काम करने वाली महिला की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामना आया है। आशंका भी जताई जा रही है हत्या करने से पहले महिला के साथ बलात्कार किया गया।  हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। वारदात के बाद आरोपी घर का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया।

 

पुलिस को दी गई इत्तला के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने घर की लाइट बंद और दरवाजा बाहर से बंद देखा। संदेह होने पर लोगों ने दरवाजा खोला तो अंदर महिला का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने जांच के दौरान पाया कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है।

मृतका की पहचान 38 वर्षीय आरती चौधरी के रूप में हुई है, जो घरों में सफाई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करती थी। पुलिस पूछताछ में पता चला कि यह मकान अतुल कोरी का है, जो अपनी मां के साथ रहता था। दो दिन पहले उसकी मां किसी शादी समारोह में शहर से बाहर गई हुई थी। आरती रोजाना की तरह शुक्रवार शाम को काम करने अतुल के घर पहुंची थी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घर में अकेला होने का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गला दबाकर हत्या कर दी गई। आस-पास के लोगों ने महिला के शव की स्थिति देखकर आशंका व्यक्त की कि महिला के साथ दुराचार किया गया और फिर हत्या कर दी।

पुलिस ने इन्हीं आशंकाओं के आधार पर कथित आरोपी अतुल कोरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय पार्षद अरविंद ने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। पार्षद के अनुसार, मृतका का एक छोटा बच्चा भी है और वह मेहनत मजदूरी कर परिवार चला रही थी। उन्होंने दावा किया कि आरोपी अतुल कोरी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *