Cyber City Gurugram साइबर सिटी गुरुग्राम में बिल्डरों की मनमानी और लचर सुविधाओं के खिलाफ लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर देखने को मिलने लगा है। ताज़ा मामला सेक्टर 102 स्थित एलियास सोसाइटी (Aaliyas Society) का है, जहाँ के निवासियों ने बुनियादी सुविधाओं के अभाव और मेंटेनेंस शुल्क में बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ ROF बिल्डर के सेक्टर 44 स्थित कार्यालय पर ज़ोरदार प्रदर्शन किया।
न बिजली न पानी लिफ्ट भी खराब
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सोसाइटी में न तो पीने के पानी की उचित व्यवस्था है और न ही बिजली की सुचारू आपूर्ति। सबसे बुरा हाल सोसाइटी की लिफ्टों का है, जो अक्सर खराब रहती हैं। निवासियों ने गुस्से में कहा, “मेंटेनेंस के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही है, लेकिन अगर 14वें फ्लोर पर जाना हो तो हमें सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ता है। आखिर हम पैसा किस बात का दे रहे हैं?”
Cyber City Gurugram की एलियास सोसाइटी की समस्याओं पर गूंगा-बहरा बना प्रशासन, एथॉरिटी@HsvpHaryana @OfficialGMDA @cmohry @NayabSainiBJP pic.twitter.com/93SfJu2tvy
— news wala (@NewsWalaOrg) May 2, 2026
गंदगी का अंबार
सोसाइटी में गंदगी के अंबार और खराब लिफ्टों के बीच बिल्डर ने हाल ही में मेंटेनेंस शुल्क में 1 रुपया प्रति स्क्वायर फुट की बढ़ोतरी कर दी है। निवासियों का कहना है कि वे पिछले कई दिनों से बिल्डर से बात करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जब बिल्डर ने उनकी मांगों को अनसुना कर दिया, तो आज सैकड़ों निवासियों ने इकट्ठा होकर बिल्डर के दफ्तर का घेराव कर दिया।
शिकायत करो तो पुलिस को बुला लेता है बिल्डर
हंगामे की स्थिति को देखते हुए बिल्डर ने मौके पर पुलिस बुला ली। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और शांत कराने की कोशिश की, लेकिन निवासी अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक बिल्डर खुद सामने आकर बातचीत नहीं करेगा और सुविधाओं का आश्वासन नहीं देगा, प्रदर्शन खत्म नहीं होगा। सोसाइटी निवासियों की मुख्य मांग है कि मेंटेनेंस शुल्क में की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए। खराब लिफ्टों को तुरंत ठीक कर सुचारू रूप से चलाया जाए।
बिल्डर ने नहीं दिया अपना पक्ष
देर शाम तक निवासी बिल्डर से मिलने की मांग को लेकर दफ्तर के बाहर डटे रहे, जबकि बिल्डर पक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या संज्ञान लेता है।