Anti Tobacco Day 31 मई को विश्व तम्बाकू रहित दिवस के अवसर पर प्रयागराज के क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी कार्यालय, सिविल डिफेन्स एवं लायन्स क्लब के संयुक्त तत्वाधान में राजकीय उद्यान शहीद चन्द्रशेखर आज़ाद पार्क में एक भव्य जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य को तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित करना था।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट को न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह थे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सिविल डिफेंस के उपनियंत्रक नीरज मिश्रा थे इनके अतिरिक्त राजीव तिवारी, सहायक उपनियंत्रक सिविल डिफेन्स तथा लायन्स क्लब के अर्पणधर दुबे, मउदय चंदानी, उमेश चंद्र कक्कड़, शीतला प्रसाद श्रीवास्तव,पवन पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन सुश्री चारूल मिश्रा ने किया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह ने हरी झण्डी दिखाकर जनजागरूकता रैली को रवाना किया गया।

न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह ने कहा कि तम्बाकू एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति केवल एक सरकारी अभियान या औपचारिक संकल्प तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के चरित्र एवं जीवनशैली में उतारना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब तक नशामुक्ति के मूल्य हमारे आचरण और व्यवहार का हिस्सा नहीं बनेंगे, तब तक एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज की स्थापना संभव नहीं है। उन्होंने सभी नागरिकों से तम्बाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के उन्मूलन हेतु सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज में व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
न्यायमूर्ति सत्यवीर सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशामुक्त भारत के निर्माण हेतु संकल्प भी दिलाया। उपस्थित जनसमूह ने तम्बाकू एवं नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ ग्रहण की।

उपनियंत्रक सिविल डिफेन्स नीरज मिश्रा एवं सहायक उपनियंत्रक राजीव तिवारी ने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही नशामुक्त समाज का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। सुश्री चारुल मिश्रा क्षेत्रीय मद्यनिषेध एवं समाजोत्थान अधिकारी प्रयागराज क्षेत्र प्रयागराज ने भी तम्बाकू एवं नशे के विरुद्ध निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में सिविल डिफेन्स के स्वयंसेवकों, लायन्स क्लब के सदस्यों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के दौरान नशामुक्ति एवं तम्बाकू निषेध से संबंधित नारों एवं संदेशों के माध्यम से जनसामान्य को जागरूक किया गया।
