Mamata Banerjee के नजदीकी और पश्चिम बंगाल के वर्धमान दक्षिण (Bardhaman South) विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व विधायक खोकन दास को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया है। खोकन दास के खिलाफ पश्चिम बंगाल में जबरन वसूली (extortion), आपराधिक धमकी और राजनीतिक हिंसा भड़काने समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और वे काफी समय से फरार चल रहे थे। पश्चिम बंगाल पुलिस और उत्तर प्रदेश की प्रयागराज पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर खोकन सिंह को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की।
हंडिया टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर दबोचा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, कोलकाता पुलिस को इनपुट मिला था कि पूर्व विधायक खोकन दास दिल्ली से एक एसयूवी (SUV) कार के जरिए नेशनल हाईवे-2 (कानपुर-वाराणसी हाईवे) से होते हुए कोलकाता की तरफ जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना प्रयागराज की हंडिया थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही प्रयागराज के डीसीपी (गंगा नगर) कुलदीप सिंह गुनावत के निर्देश पर हंडिया पुलिस ने हंडिया टोल प्लाजा के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। जैसे ही खोकन दास की गाड़ी टोल प्लाजा के पास पहुंची, पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और उन्हें हिरासत में ले लिया।

कोर्ट से मिली ट्रांजिट रिमांड, बंगाल रवाना
प्रयागराज पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। रविवार को ही पश्चिम बंगाल पुलिस की टीम प्रयागराज पहुंची, जिसके बाद आरोपी पूर्व विधायक को स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद बंगाल पुलिस खोकन दास को अपने साथ पश्चिम बंगाल लेकर रवाना हो गई है, जहां उनसे आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
2021 में जीते थे चुनाव, हालिया चुनाव में मिली थी करारी हार
खोकन दास तृणमूल कांग्रेस के बड़े नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने वर्ष 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में वर्धमान दक्षिण सीट से टीएमसी के टिकट पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, साल 2026 के हालिया विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा की उम्मीदवार मौमिता बिश्वास मिश्रा के हाथों 30 हजार से अधिक वोटों के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा था।
हाल ही में वे उस समय भी विवादों में आए थे, जब सोशल मीडिया पर उनका एक कथित ऑडियो क्लिप वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने खुद को भाजपा से जुड़ा नेता बताना शुरू कर दिया था। फिलहाल, जबरन वसूली और धमकी के गंभीर मामलों में पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर कड़ाई से पूछताछ की तैयारी में है।
