Meja Triple Murder प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में पिछले दिनों हुए तिहरा हत्याकांड के पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बुधवार को लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
घटना की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई के साथ ही न्याय की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के साथ ही आर्थिक सहायता एवं अन्य मदद के लिए आश्वस्त किया।
मंत्री नंदी के साथ Meja Triple Murder कांड की पीड़ितों ने की सीएम से मुलाकात
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नन्दी ने 19 जून को मेजा के नीबी कुकुरकटवा गांव में तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया था।साथ ही उन्होंने पीड़ित परिजनों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कराने का वादा किया था। मंत्री नन्दी ने कहा था कि ऐसा दुस्साहसिक कार्य करने वाले जो भी लोग हैं, उनमें से एक को भी बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई ऐसी होगी कि नजीर बने और उनकी सात पुश्तें याद रखें।नंदी ने कहा कि आरोपी जिंदगी में फिर कभी ऐसा दुस्साहसिक प्रयास करने से पहले सौ बार तौबा करेंगे, इस तरह की कार्रवाई दोषियों के खिलाफ की जाएगी।
अपने वादे को पूरा करते हुए मंत्री नन्दी ने बुधवार को मेजा तिहरा हत्याकांड के पीड़ित परिवार की मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाई। जिनमें राम निरंजन गुप्ता, अमरनाथ गुप्ता, पवन गुप्ता, मुकेश गुप्ता, विशेष गुप्ता, राधा गुप्ता, लोकपति गुप्ता, चंद्रिका प्रसाद साहू शामिल रहे।
तीन लोगों की कर दी गई थी निर्मम हत्या
Meja Triple Murder कांड के पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री को बताया कि मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में 15 जून की रात श्याम लाल गुप्ता (65), इंद्रावती देवी (58) और अमरावती देवी (52) की निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी गई थी। तीनों के शव घर के बाहर मिले थे। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी हिमांशु यादव सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद हिमांशु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
समाजवादी टाइगर नाम से दी गई थी धमकी
Meja Triple Murder कांड के पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री को बताया कि हत्यारोपी हिमांशु ने समाजवादी टाइगर के नाम से फेसबुक पर चैलेंज देते हुए पोस्ट किया था। चैलेंज देने के बाद चौथे दिन उसने विभत्स हत्याकांड को अंजाम दिया था।
पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आरोपी जेल से बाहर आने के बाद दोबारा ऐसी घटना को अंजाम दे सकता है, जिससे परिवार को खतरा महसूस हो रहा है। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई किए जाने की मांग की।
सीएम योगी ने Meja Triple Murder कांड के पीड़ितों को दिया सुरक्षा का आश्वासन
मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिया कि उनको न्याय दिलाया जाएगा। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत काम कर रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। कातिलों को कठोर से कठोर सजा दिलाई जाएगी। सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ है। उनको हर प्रकार से सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
