Haryana CM Nayab Singh Saini (हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी) के औचक निरीक्षण और अफसरों को दी गई वॉर्निंग का असर दिखाई देने लगा है। गुरुग्रामकी सूरत बदलने का काम तेज हो गया है। सीएम के निर्देश पर गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण यानी GMDA ने पूरे शहर में मरम्मत और सफाई का मेगा अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत ओल्ड रेलवे रोड, सिग्नेचर टावर, MBA चौक, इफको चौक और वजीराबाद गांव के आसपास के इलाकों को प्राथमिकता पर लिया गया है। इन जगहों मे सालों से टूटे पड़े हुए जर्सी बैरियर्स, डैमेज ब्लॉक्स, जंग लगे बिजली के खंभे और लीक कर रही पाइपलाइनों को हटाने का काम युद्धस्तर पर चलाया गया है।
जीएमडीए की टीमों ने अब तक ढाई सौ से ज्यादा खराब और सड़कों पर बेतरतीब पड़े जर्सी बैरियर्स को हटाया है, जो ट्रैफिक और ड्रेनेज दोनों के लिए खतरा बन रहे थे। साथ ही ड्रेनेज सिस्टम को चोक कर रहे मलबे, कंस्ट्रक्शन वेस्ट और प्लास्टिक कचरे को भी निकाला जा रहा है। जिएमडीए अधिकारी अमित गोदारा ने बताया कि मानसून से पहले जलभराव की पुरानी समस्या को जड़ से खत्म करना हमारा टारगेट है। इसके लिए इंजीनियर और सफाई कर्मचारियों की टीमें आधी रात तक काम कर रही हैं । कई बड़े नालों की डिसिल्टिंग और मरम्मत का काम भी साथ-साथ चल रहा है।
अमित गोदारा ने गुरुग्राम की जनता से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन अपना काम कर रहे हैं, लेकिन जब तक लोग खुद जागरूक नहीं होंगे, समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी। उन्होंने लोगों से नालों और ड्रेन में पॉलिथीन, प्लास्टिक या घर का कूड़ा न डालने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अक्सर देखा गया है कि ड्रेनेज सिस्टम सही होने के बावजूद कचरा फंसने से पानी की निकासी रुक जाती है और सड़कों पर जलभराव हो जाता है। अगर जनता सहयोग करे तो इस मानसून में गुरुग्राम को जलभराव से बड़ी राहत मिल सकती है।