CM Grid Yojna Fire बरेली मनोहर भूषण इंटर कॉलेज परिसर में रविवार को सीएम ग्रिड योजना के तहत रखे प्लास्टिक पाइपों में अचानक भीषण आग लग गई। लपटें इतनी ऊंची थीं कि आसपास के पेड़ झुलस गए और सड़क के पार तक असर दिखा। आग से पानी-बिजली सप्लाई के लिए लाए गए सारे पाइप जलकर राख हो गए।
समय रहते आग पर काबू
रविवार होने से कॉलेज में स्टाफ कम था। चौकीदार की सूचना पर प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार तुरंत पहुंचे और पुलिस-फायर ब्रिगेड को खबर दी। पहले दो दमकल गाड़ियां आईं, लेकिन आग की गंभीरता देख दो और गाड़ियां बुलानी पड़ीं। फायर ऑफिसर संजीव कुमार यादव ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रधानाचार्य डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि कॉलेज परिसर में सीएम ग्रिड योजना के पाइपों का अस्थायी भंडारण किया गया था। आग इतनी तेजी से फैली कि शुरुआती कोशिशों से काबू नहीं पाया जा सका। राहत की बात है कि स्कूल भवन को कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पाइप पूरी तरह नष्ट हो गए।
फायर ऑफिसर संजीव कुमार के मुताबिक आग स्टोरेज एरिया में लगी थी। प्रारंभिक जानकारी में यह काम एक निजी निर्माण कंपनी कर रही थी। आग के कारणों की जांच और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वन मंत्री बोले- जांच होगी
घटना की सूचना पर प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। मंत्री ने कहा कि आग लगने के कारण की जांच कराई जाएगी।