Extortion के आरोप में पंचायत सदस्य पति सहित 4 गिरफ्तार

Extortion के आरोप में पंचायत सदस्य पति सहित 4 गिरफ्तार

Extortion खैरलांजी थाना पुलिस ने अवैध वसूली करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें फरार तीन आरोपितों की पुलिस तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपितगण प्रफुल्ल चित्रीव रामपायली, अलीम खान व अभिषेक सोनी बालाघाट और ऋषि शुक्ला खैरलांजी निवासी शामिल है। ऋषि शुक्ला जिला पंचायत सदस्य मधु शुक्ला का पति है।

लकड़ी के व्यापारी को धमका कर पैसा वसूलने का आरोप

ग्राम खैरी निवासी हंसराज ने पुलिस अधीक्षक बालाघाट से लिखित शिकायत की थी कि 12 मार्च को सुबह 10 बजे ग्राम पिंडकेपार में किसानों के खेत की लकड़ी खरीद कर वह ट्रक में लोड करवा रहा था। तभी मौके पर प्रफुल्ल चित्रीव व ब्रजेश मिश्रा दोनों निवासी ग्राम रामपायली, अलीम खान, अभिषेक सोनी, फारूख खान तीनों निवासी बालाघाट, संतोष सोनवाने ग्राम सोनझरा रामपायली निवासी मौके पर दो कार में आए। जिन्होंने उसके साथ गाली गलौज करते हुए डराया धमकाया और कहा कि चोरी की लकड़ी खरीद कर वाहन में लोड़ करवा रहा है, तेरी हम न्यूज बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर देंगे। जिससे तुझे आजीवन कारावास हो जाएगा। ऐसे में तेरे घर वाले बर्बाद हो जाएंगे, कही के नहीं रहोंगे, सबको जहर खाकर मरना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि तू चोरी से लकड़ी का व्यापार करता है।

एप के माध्यम से ली गई 90 हजार की रकम

इस बीच प्रफुल्ल चित्रीव ने खैरलॉजी के वार्ड नम्बर 3 निवासी ऋषि शुक्ला को मौके पर बुलाया। इस दौरान सभी ने मिलकर दो लाख रुपये की मांग की, लेकिन हाथ पैर जोडऩे पर ऋषि शुक्ला के माध्यम से 90 हजार रुपये आनलाइन फोन पे के माध्यम से लिए गए। जिसके बाद से पीडि़त मानसिक रूप से प्रताडि़त होने के साथ ही आर्थिक हालत खराब हो गई है।

एसपी को शिकायत के बाद की पुलिस ने जॉच

पीडि़त द्वारा पुलिस अधीक्षक बालाघाट को दी गई शिकायत जॉच के लिए खैरलॉजी पुलिस थाना भेजी गई थी। जहॉ पर पुलिस ने प्राप्त शिकायत की जांच की। जिसमें पुलिस द्वारा हंसराज लिल्हारे के बयान, सीडीआर लोकेशन, कॉल डिटेल, केनरा बैंक की जानकारी, बातचीत की पेन ड्राइव में रिकार्डिंग सुनने पंचनामा, सीडीआर अवलोकन पंचनामा व वन विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपितों के खिलाफ  धारा 308(5), 296(बी) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।

4 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार

पुलिस ने आरोपितगणों प्रफुल्ल चित्रीव रामपायली, अलीम खान व अभिषेक सोनी बालाघाट, ऋषि शुक्ला खैरलांजी निवासी को हिरासत में लेकर वारासिवनी न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने सुनवाई के बाद चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है। इस मामले में ब्रजेश मिश्रा रामपायली, फारूख खान बालाघाट, संतोष सोनवाने सोनझरा रामपायली निवासी फरार है। जिनकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।

अतिक्रमण हटाया तो पति को साजिशन गिरफ्तार करवाया-मधु शुक्ला

इस मामले में जिला पंचायत सदस्य मधु शुक्ला का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में उनके द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए की गई कार्रवाई से नाराज लोगों ने राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उनके पति को फंसाया है। मधु शुक्ला ने कहा है कि उन्हें न्यायालय पर पूरा भरोसा है कि उन्हें न्याय मिलेगा।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *