Women Safety के लिए Gurugram Police मुस्तैद, मनचला कैब चालक सलाखों के पीछे

Women Safety के लिए Gurugram Police मुस्तैद, मनचला कैब चालक सलाखों के पीछे

Women Safety गुरुग्राम पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी संवेदनशीलता और मुस्तैदी का बड़ा उदाहरण पेश किया है। सफर के दौरान महिला सवारी के साथ अश्लील हरकत करने वाले रैपिडो कैब चालक को थाना सदर पुलिस टीम ने वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर लिया है।

महिला थाना की एसएचओ सुमन ने बताया कि 21 मई को एक महिला ने अपने कार्यालय जाने के लिए रैपिडो ऐप के माध्यम से एक कैब बुक की थी। यात्रा के दौरान कैब चालक ने महिला के साथ अश्लील हरकतें और भद्दे इशारे करना शुरू कर दिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत विरोध किया और गाड़ी रुकवाई। महिला के विरोध को देखकर आरोपी चालक घबरा गया और मौके से फरार हो गया। पीड़ित महिला ने बिना डरे तुरंत गुरुग्राम के थाना सदर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना सदर पुलिस ने तुरन्त मामला दर्ज किया और जाल बिछाकर आरोपी कैब चालक को गुरुग्राम के भोंडसी से दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 23 वर्षीय विजय कुमार (निवासी गांव बनिहारी, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी रैपिडो प्लेटफॉर्म पर अपनी कार चलाता था।

महिला थाना की एसएचओ सुमन ने कहा कि इस घटना से हर महिला को यह सीख मिलती है कि चुप रहना अपराधियों के हौसले बुलंद करता है। पीड़िता की सूझबूझ और तुरंत शिकायत के कारण ही आरोपी सलाखों के पीछे है। गुरुग्राम पुलिस सभी महिलाओं को विश्वास दिलाती है कि आप अकेले नहीं हैं। कैब या किसी भी सार्वजनिक वाहन में सफर करते समय इन बातों का ध्यान रखें। कैब में बैठते ही अपनी लाइव लोकेशन परिवार या दोस्तों के साथ साझा करें। यदि चालक का व्यवहार संदिग्ध लगे, तो तुरंत विरोध करें और गाड़ी रुकवाने का प्रयास करें। किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल करें। आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

वही गुरुग्राम पुलिस ने कमर्शियल वाहन चालकों और कैब कंपनियों को एक कड़ा और सीधा संदेश दिया है। महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का डंडा इतनी तेजी से चलेगा कि अपराध करने के बाद भागने का मौका भी नहीं मिलेगा। कैब एग्रीगेटर कंपनियां अपने ड्राइवरों का कड़ा पुलिस वेरिफिकेशन सुनिश्चित करें, अन्यथा लापरवाही बरतने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। गुरुग्राम पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। सुरक्षित सफर हर किसी का अधिकार है, और इसे सुनिश्चित करना पुलिस का कर्तव्य।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *