CM Tirtha Yatra Yojana मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत शुक्रवार देर रात गुरूग्राम से महाराष्ट्र के हजूर साहिब नांदेड के लिए विशेष ट्रेन रवाना हुई। इस विशेष ट्रेन का गुरूग्राम रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान गुरूग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
शुक्रवार रात करीब सवा बारह बजे यह ट्रेन गुरूग्राम रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां श्रद्धालुओं और भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। स्टेशन परिसर धार्मिक नारों और श्रद्धालुओं की खुशियों से गूंज उठा। इस अवसर पर गुरूग्राम के विधायक मुकेश शर्मा और गुरूग्राम के एसडीएम जितेंद्र कुमार ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया। विधायक ने कहा कि सरकार आम लोगों को धार्मिक यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस विशेष रेल यात्रा में जिला गुरूग्राम से 9 परिवार शामिल हुए। यात्रियों ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से उन्हें धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है। श्रद्धालुओं ने इसे सरकार की सराहनीय और जनहितकारी योजना बताया। हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना आम लोगों के लिए बहुत बड़ी सौगात है। इस योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ उठा रहे हैं। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। तीर्थ यात्रा योजना के जरिए बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को सम्मानपूर्वक धार्मिक यात्रा करवाई जा रही है।
यह योजना समाज के हर वर्ग के लोगों को आस्था से जोड़ने का कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु इस योजना का लाभ उठाकर धार्मिक स्थलों के दर्शन करें। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत शुरू की गई यह विशेष रेल यात्रा श्रद्धालुओं के लिए न केवल धार्मिक आस्था का माध्यम बन रही है, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी सोच को भी दर्शा रही है।