Libya News: लीबिया में बाढ से मरने वालों की संख्‍या पांच हजार से अधिक

Libya News: लीबिया में बाढ से मरने वालों की संख्‍या पांच हजार से अधिक

Libya News:  लीबिया में तूफान डेनियल के कारण आई बाढ़ से कम से कम पांच हजार तीन सौ लोगों की मृत्यु की आशंका है और दस हजार से अधिक लोग अभी भी लापता हैं।

तूफान के कारण बांध टूट जाने से लीबिया के पूर्वी शहर देरना का एक चौथाई भाग नष्‍ट हो गया। केवल देरना में एक हजार पांच सौ से अधिक शव बरामद किये गये हैं। वहां मृतकों की संख्‍या और बढ़ने की आशंका है। अधिकारियों के अनुसार मृतकों में मिस्र के कम से कम एक सौ पैंतालीस लोग शामिल हैं।

इस बीच मिस्र सहित विभिन्‍न देशों से लीबिया में सहायता पहुंचनी शुरू हो गई है। अमरीका, जर्मनी, ईरान, इटली, कतर, और तुर्किए ने भी सहायता सामग्री भेजने की जानकारी दी है। इस बीच लीबिया में राजनीतिक स्थिति के कारण बचाव के प्रयासों में बाधा आ रही है। देश दो प्रतिद्वंदी सरकारों में बंटा हुआ है।

पिछले सप्‍ताह भूमध्‍य सागर के क्षेत्र में आये तूफान डेनियल ने रविवार को ग्रीस, तुर्किए और बुलगारिया को भी नुकसान पहुंचाया है। मौसम के जानकारों ने मिस्र के पश्चिमी भागों में भी इस तूफान की चेतावनी जारी की है और वर्षा तथा खराब मौसम से लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है। वैज्ञानिकों के अनुसार जलवायु परिवर्तन इस तूफान का बड़ा कारण है।

उन्‍होंने यह भी चेतावनी दी है कि गर्मी के दौरान पानी के वाष्‍प में बदलने से ऐसे और प्रचंड तूफान आ सकते हैं।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *