Punjab के पटियाला में रेल ट्रैक पर धमाका, आतंकी हमले की आशंका

Punjab के पटियाला में रेल ट्रैक पर धमाका, आतंकी हमले की आशंका

Punjab के पटियाला में सोमवार देर रात शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक पर धमाके की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार देर रात की है। अब तक किसी भी आतंकी गिरोह ने इस धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है। एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर हर पहलू की जांच कर रही हैं।

डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर हुआ धमाका

बताया जा रहा है कि यह धमाका राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की रेलवे लाइन पर हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी और स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। पुलिस को ट्रैक के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी मिला है, जो बुरी तरह क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।

इसी साल 23 जनवरी को सरहिंद के खानपुर में हुए ब्लास्ट में मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया था। वहीं, 1998 में खन्ना में पटरी टूटने के कारण एक भीषण रेल हादसा हुआ था, जिसमें 200 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। इन घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए थे। पिछले दो वर्षों में भी उत्तर रेलवे को कई बार आतंकी संगठनों और शरारती तत्वों की ओर से पटरियां उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क बनी हुई हैं।

ट्रैक को रिेपेयर कर फिर से यातायात के लिए खोला गया

ताजा मामले में देर रात तक पंजाब पुलिस और फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल पर जांच में जुटी रहीं। इसी बीच खबर यह है कि ट्रैक को रिपेयर कर फिर से ट्रेनों के यातायात के लिए खोल दिया गया है।

इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। घटनास्थल से एक शव मिलने की खबर ने मामले को और गंभीर बना दिया है, जिससे किसी आत्मघाती प्रयास या बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *