Public Hearing नगरपालिका परिषद में जनता सुनवाई में नागरिकों द्वारा अपनी विभिन्न समस्याओं से पूर्व विधायक प्रदीप जायसवाल को अगवत कराया गया। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष सरिता मनोज दांदरे दर्शक बन कर बैठी रही। सभी शिकायतकर्ताओं ने अपनी समस्याओं से पूर्व विधायक प्रदीप जायसवाल को ही अवगत कराया वो ही समस्याओं के संबंध में नगरपालिका अध्यक्ष, उपयंत्री सुमित मोटवानी व अंशिका चौहान तथा अन्य कर्मचारियों को निर्देश देते हुए नजर आए।
अधिवक्ता कक्ष के सामने लगाए जाएंगे गट्टू
इस जनसुनवाई में अधिवक्ता संघ अध्यक्ष संदीप नगपुरे अपने साथियों अभिषेक शुक्ला, पुष्पेन्द्र कलिहारी, अजय डहाके, मिलिंद नगपुरे के साथ पहुॅचे। उन्होंने एक आवेदन श्री जायसवाल को देते हुए अधिवक्ता कक्ष के सामने लगभग 25 सौ स्केवर फीट जगह पर गटटू लगाने की मांग की। जिसे स्वीकृत करते हुये प्रक्रिया में लेकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया। वहीं गर्मी के मौसम में प्याऊ लगाने की मांग पर पर प्याऊ की स्थापना कर दी गयी।
खनन पर लगी रोक के लिए जिलाधीश से वार्ता के निर्देश
पूरे जिले में रेत उत्खनन पर लगी रोक के कारण विभिन्न निर्माण कार्यो में आ रही रुकावट को लेकर नगर के ठेकेदारों व नगरपालिका के लिए कार्य कर रहे ठेकेदारों को निर्माण करने में आ रही परेशानी को पूर्व विधायक प्रदीप जायसवाल के सामने रखा। जिस पर श्री जायसवाल ने नगरपालिका की टीम को जिलाधीश बालाघाट व जिला खनिज अधिकारी के समक्ष रखने के निर्देश दिए।
मुद्दा उठा तो तत्काल कराई गई सफाई
जनसुनवाई में नगर के वार्ड नम्बर 3 निवासी बाली देशपांडे, समीर बिसेन, संतोष विश्वकर्मा आदि ने उनके घर के पीछे बनी हुई नाली व प्लाट में कचरा होने और साफ सफाई नहीं होने का मामला उठाया। जिस पर श्री जायसवाल ने नगरपालिका अधिकारियों को निर्देश देकर तत्काल जेसीबी से नाली के पास की झाडियों को कटवाया।
वार्ड नम्बर 3 की उपेक्षा का लगाया गया आरोप
समीर बिसेन द्वारा पिछले 3 वर्षो से वार्ड नम्बर 3 की उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा गया कि नगरपालिका द्वारा पिछले 3 वर्षो से वार्ड नम्बर 3 में विकास कार्य करवाने के मामले में भेदभाव किया जा रहा है। जहॉ नगर के अन्य 10 वार्डो में विकास कार्य प्राथमिकता के साथ करवाए जा रहे है, वहीं वार्ड नम्बर 3 में विकास कार्य की कोई भी प्राथमिकता नगरपालिका द्वारा तय नहीं की गई है। जिसके कारण पिछले 3 वर्षो में वार्ड विकास के मामले में पिछड़ गया है।
सड़क मरम्मत के निर्देश
जनसुनवाई में वार्ड 9 में किशोर बंसोडकर के घर के सामने से बनी हुई नाली, वार्ड नम्बर 3 एवं वार्ड नम्बर 11 में नाली की समस्या का समाधान करने का आश्वासन भी वार्डवासियों को दिया गया। जनसुनवाई में वार्ड नम्बर 15 निवासी शरद डेकाटे ने दादाबाडी के सामने से सेन्ट्रल बैंक तक बनी हुई सडक़ की मरम्मत करवाने की बात कही। जिस पर उपयंत्री को स्थल निरीक्षण कर मरम्मत कार्य करवाने के निर्देश दिए गए।
आवासीय निर्माण के लिए एनओसी
जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास सहित जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के साथ कौशल्या कटरे को बिजली कनेक्शन, राईस मिल संचालन के लिये विजय खंडेलवाल सहित अन्य निवासियों को आवास निर्माण की एनओसी प्रदान करने के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में पार्षदगण प्रवीण डोंगरे, योगेन्द्र मोनू लिमजे, पवन धुर्वे, धमेन्द्र धरमू जोशी, पूर्व पार्षद मनोज दांदरे, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष आलोक खरे, इंजीनियर लोकेश ठाकरे, अमित येरपुडे, उपयंत्री सुमित मोटवानी, उपयंत्री अंशिका चौहान सहित नगरपालिका के अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे।