PDA in Action प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने जोन-05 के अंतर्गत झूंसी क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जोनल अधिकारी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम ने लगभग 27 बीघा में की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई जारी रहेगी।
प्राधिकरण ने कहा है कि अवैध निर्माण व अवैध प्लाटिंग के विकासकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। निर्माणकर्ताओं व विकासकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि प्रयागराज विकास प्राधिकरण क्षेत्र में तलपट मानचित्र स्वीकृत कराकर ही विकास कार्य कराएं।साथ ही आम जनमानस को सूचित किया गया है कि किसी भी अवैध कालोनी एवं मेला क्षेत्र में भूखण्डों का क्रय विक्रय न करें।
यह कार्रवाई जोनल अधिकारी के अतिरिक्त अवर अभियन्ता, सुपरवाईजर, पीडीए प्रवर्तन टीम व थाना झूंसी पुलिस की उपस्थिति में सम्पादित कराई गई। जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई उनमें बदरा सोनौटी में संजय यादव व अन्य के द्वारा लगभग 10 बीघा में की गई अवैध प्लाटिंग, सुभाष प्रजापति की लगभग 12 बीघा में कराई जा रही अवैध प्लाटिंग और डा. राजेश यादव व अन्य के द्वारा लगभग 05 बीघा में की गई अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।कुल मिलाकर लगभग 27 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया।
