Bareilly Fire प्रेमनगर के कम्पीटेंट प्राइड अपार्टमेंट में आग, कई कार और बाइक जल कर राख

Bareilly Fire प्रेमनगर के कम्पीटेंट प्राइड अपार्टमेंट में आग, कई कार और बाइक जल कर राख

Bareilly Fire प्रेमनगर इलाके में सोमवार सुबह ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसने लोगों की नींद ही नहीं, होश भी उड़ा दिए। पंजाब नेशनल बैंक के पास स्थित कम्पीटेन्ट प्राइड अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर अचानक आग भड़क उठी। सुबह करीब 5:05 बजे लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरा परिसर धुएं और आग की लपटों से घिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर लगे विद्युत पैनल से हुई। पहले हल्की चिंगारी निकली और फिर अचानक आग ने पास में खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही पलों में कारें और बाइक आग का गोला बन गईं। हालात ऐसे हो गए कि लोग अपनी गाड़ियों को बचाने के लिए पास भी नहीं जा सके। इस भीषण अग्निकांड में यूपी 25 ईएन 4455 नंबर की क्रेटा कार, यूपी 32 एनपी 6584 नंबर की स्कोडा कार, यूपी 25 सीपी 4696 नंबर की होंडा शाइन बाइक और एक एक्टिवा स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ ही देर में महंगी कारें कबाड़ में तब्दील हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पंपिंग शुरू की और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी मुस्तैदी से अन्य खड़ी गाड़ियों और पूरे अपार्टमेंट को बड़ी तबाही से बचा लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर यूनिटों को तुरंत मौके पर रवाना किया गया। टीम ने पहुंचते ही तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका और पंपिंग के जरिए पूरी तरह बुझा दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में विद्युत पैनल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। साथ ही लोगों से अपील की कि ऐसे स्थानों पर नियमित रूप से विद्युत उपकरणों की जांच कराते रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *