Cold Blooded Murder! सेहरा सजने से पहले पेड़ पर टंगा मिला दूल्हे का शव

Cold Blooded Murder! सेहरा सजने से पहले पेड़ पर टंगा मिला दूल्हे का शव

Cold Blooded Murder बरेली जिले के शाही कस्बे में शनिवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। शादी के दिन बारात जाने से ठीक पहले दूल्हे का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका मिला। जहां एक ओर घर में शहनाई बजने की तैयारी थी, वहीं कुछ ही घंटों में वहां चीख-पुकार और मातम छा गया।

रात दो बजे तक डीजे पर नाचे थे घरवाले

मिली जानकारी के मुताबिक मोहल्ला सुभाषनगर निवासी 22 वर्षीय देवेंद्र मौर्य की शादी रिठौरा के उद्धानापुर गांव में तय थी। शुक्रवार को लग्न का कार्यक्रम धूमधाम से हुआ और देर रात तक डीजे पर जश्न चलता रहा। मोहल्ले के कुछ लोगों की आपत्ति के बाद डीजे को मुख्य दरवाजे के पास शिफ्ट किया गया। रात करीब दो बजे तक खुशियां मनाने के बाद देवेंद्र अपने बहनोई और रिश्तेदारों के साथ सोने चला गया।

छह फुट की ऊंचाई पर लटका शव, जमीन छू रहे थे पैर

शनिवार सुबह पड़ोसियों ने सूचना दी कि देवेंद्र का शव साप्ताहिक बाजार में आम के पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि पतली रस्सी से शव करीब छह फुट की ऊंचाई पर बंधा था, लेकिन उसके पैर जमीन को छू रहे थे। इस स्थिति को देखकर लोग हैरान रह गए और आत्महत्या पर सवाल उठने लगे। मृतक के पिता रामदास मौर्य ने साफ आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है।

पुलिस जांच शुरू, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। शादी वाले दिन दूल्हे की इस रहस्यमयी मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। परिवार जहां इसे साजिशन हत्या बता रहा है, वहीं पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस गुत्थी को सुलझा सकेगी।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *