Bareilly बरेली के आंवला तहसील के सरदारनगर गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी गिरने से बड़ा हादसा हो गया। करीब डेढ़ साल पहले बनी यह ओवरहेड टंकी अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिससे आसपास बैठे 7 ग्रामीण मलबे में दबकर घायल हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी घायलों को बाहर निकाला और 5 गंभीर घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि 2 को मामूली चोट आई है। इस हादसे के बाद जल जीवन मिशन पर सवाल उठने लगे हैं। लोग सवाल पूछ रहे हैं कि घटिया निर्माण के लिए कौन-कौन जिम्मेदार है। किस-किस ने कितनी-कितनी घूस खाई क्या डीएम अश्वनी कुमार घूस लेकर टंकी के निर्माण को एनओसी देने वालों को गिरफ्तार करवाएंगे?
घायलों में रविंद्र पाल, वीरपाल सिंह, वेदपाल, अर्जुन और डोरीलाल गुप्ता को गंभीर चोटें आई हैं।परिजनों ने आरोप लगाया कि टंकी निर्माण में लापरवाही हुई है जिससे यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुँचे और जेसीबी से मलबा हटाकर जांच की गई कि कोई अन्य व्यक्ति तो नहीं दबा है। वही सूचना मिलने के बाद जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वही इसके बाद उन्होंने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा- टंकी गिरने की घटना की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
