Bareilly Doctor Suicide दो महीने पहले लव मैरिज करने वाले डॉक्टर की शनिवार सुबह 4 बजे बरेली के एक अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के भाई ने भाई (मृतक) की पत्नी गुंजन और बहनोई पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। यह घटना बरेली के सुभाष नगर थाना क्षेत्र की बताई जाती है।
ऐसा बताया जाता है कि कुछ लोगों ने शुक्रवार रात करीब 8 बजे भाई को अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने मौत से पहले बताया कि पत्नी और बहनोई ने उन्हें बहुत पीटा था। उनकी पत्नी डेढ़ महीने से अपने बहनोई और बहन के घर पर रुकी थी।
सुभाष नगर थाना क्षेत्र के बालाजी धाम मंदिर के पास रहने वाले डॉक्टर कुलदीप गोस्वामी खुद की क्लिनिक चलाते थे। 3 साल पहले उनका पत्नी से तलाक हो गया था। पहली पत्नी दया से कुलदीप का एक बेटा उत्कर्ष है। वह मदर्स पब्लिक स्कूल में 7वीं क्लास में पढ़ता है।
कुलदीप ने गुंजन से लव मैरिज की थी। कुलदीप के भाई विनायक ने बताया कि शादी के बाद से लगातार गुंजन माता-पिता से अलग रहने का दबाव बना रही थी। वह घर में सास-ससुर, देवर और देवरानी से झगड़ा-मारपीट करती थी।
भाई की पत्नी गुंजन शादी के करीब 15 दिन बाद ही ससुराल छोड़कर चली गई। वह अपने साथ लाखों रुपए के गहने भी ले गई। वह कैंट थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित अपनी बहन और बहनोई के घर रह रही थी।
कुलदीप के भाई विनायक ने कहा- भाई पत्नी को वापस लाने के लिए गए। वहीं जहर देकर हत्या कर दी गई।
पत्नी को मनाने गया था कुलदीप
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार (3 जुलाई) को डॉक्टर कुलदीप पत्नी को वापस लाने के लिए उसके घर गए थे। वहां पत्नी ने अपनी बहन और बहनोई के साथ मिलकर कुलदीप को जहर दे दिया। इसके बाद उनकी मौत हो गई। मौत के बाद आरोपियों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया।
शनिवार को मृतक के भाई ने कैंट थाने में शिकायत देकर पत्नी, उसकी बहन-बहनोई पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है।
डॉक्टर कुलदीप गोस्वामी ने वीडियो रिकॉर्ड किया था। इसमें कहा- मुझे एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया गया है।
वीडियो में कुलदीप ने क्या बोला
सुसाइड से पहले कुलदीप का वीडियो सामने आया है। इसमें उन्होंने कहा- मैं बहुत परेशान हो गया हूं, इसलिए यह वीडियो बना रहा। मेरी शादी दो महीने पहले गुंजन से हुई थी। शादी के बाद मुझे लगा कि मुझे एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया गया है।
शादी के बाद मेरे घर से नकदी, सोना-चांदी और दूसरे सामान गायब होने लगे। मैंने एक बार गुंजन को 70 हजार रुपए अपनी बहन रीना को देते हुए पकड़ा था। पूछने पर उसने कहा कि उधार दे रही है और बाद में लौटा देगी।
वीडियो में कुलदीर कह रहा है कि, ‘धीरे-धीरे मुझे यकीन हो गया कि घर में जो चोरी हो रही है, वह गुंजन ही कर रही है। जब मैंने उसके घरवालों से शिकायत की तो वे उल्टा झगड़ा और मारपीट पर उतारू हो गए’।
‘गुंजन के भाई की हमारी भाभी पर गंदी नजर थी’
वीडियो में यह भी जिक्र है कि गुंजन का भाई अमित हमारी छोटी भाभी पर गलत नजर रखता था। 30 तारीख को उसने भाभी के साथ अश्लील हरकत की। इसकी शिकायत सुभाष नगर थाने में की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कुलदीप ने वीडियो में कहा है कि मुझे कानून पर बहुत भरोसा था, लेकिन अब मैं पूरी तरह टूट चुका हूं। मैं चाहता हूं कि गुंजन, रीना, सतीश और अमित के खिलाफ जांच हो। इन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले। सीएम योगी, डीएम और एसएसपी से मेरी हाथ जोड़कर प्रार्थना है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराइए। मेरे साथ जो हुआ, वैसा किसी और के साथ न हो।
अंत में, कुलदीप कहता है, उत्कर्ष बेटा, आई लव यू! बाबा-दादी का ख्याल रखना और जिंदगी में खूब आगे बढ़ना। मेरे दोस्तों से भी अनुरोध है कि मेरे बेटे का साथ देना।
इस घटना पर पुलिस का कहना है कि मृतक के भाई ने कुछ लोगों पर आरोप लगाया है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी
