Sancheti Rice Mill पर खाद्य और राजस्व दल का आकस्मिक छापा, 242 क्विंटल चावल का हो रहा था गोलमाल

Sancheti Rice Mill पर खाद्य और राजस्व दल का आकस्मिक छापा, 242 क्विंटल चावल का हो रहा था गोलमाल

Sancheti Rice Mill वारासिवनी के खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा आकस्मिक जांच में वारासिवनी स्थित संचेती राइस मिल परिसर में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) डिपो नवेगांव-कोसमी का 242 क्विंटल 55 किलोग्राम सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) चावल संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मामले में प्रथम दृष्टया अनियमितता सामने आने पर विभाग ने जांच तेज कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान एक ट्रक में एफसीआई का सीएमआर चावल लदा हुआ मिला। मौके पर मौजूद वाहन चालक से परिवहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सका। इसके बाद टीम ने चावल सहित ट्रक को जप्त कर आगामी जांच तक पुलिस थाना वारासिवनी प्रभारी की अभिरक्षा में खड़ा करा दिया।

जांच में सामने आया कि उक्त चावल भारतीय खाद्य निगम डिपो नवेगांव-कोसमी से इथेनॉल प्लांट बोरगांव, जिला छिंदवाड़ा के लिए परिवहन किया जा रहा था। निर्धारित गंतव्य तक पहुंचाने के बजाय वाहन चालक ट्रक को वारासिवनी स्थित संचेती राइस मिल परिसर में ले गया। इस स्थिति को गंभीर मानते हुए अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच प्रारंभ कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सीएमआर चावल को रिसाइकिल करने के उद्देश्य से राइस मिल परिसर में लाए जाने की आशंका व्यक्त की गई है। इसी आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

खाद्य एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है तथा जांच प्रतिवेदन के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं सरकारी खाद्यान्न के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *