जनपद बिजनौर में Najibabad के सराय चौकी क्षेत्र स्थित कृष्णा नर्सिंग होम की कथित लापरवाही ने एक मासूम बच्चे की जान ले ली। अस्पताल परिसर में सुरक्षा इंतजामों की भारी कमी के चलते खेल रहे मासूम मोहम्मद अजान पुत्र फैजान के ऊपर ऑक्सीजन सिलेंडर गिर गया। गंभीर चोट लगने के बाद उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी। अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन सिलेंडर असुरक्षित तरीके से रखे गए थे, जबकि बिजली के तार और विद्युत बॉक्स भी खुले व नीचे लटके हुए बताए जा रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि यदि अस्पताल में सुरक्षा के उचित इंतजाम होते तो मासूम बच्चे की जान बच सकती थी। घटना के बाद अस्पताल के बाहर हंगामा जारी है और लोग प्रशासन से अस्पताल को सील करने की मांग कर रहे हैं।
