Social Work: बाढ़ से गांवों और किसानों को बचाने के लिए शुरू हुआ सेवा अभियान

Social Work: बाढ़ से गांवों और किसानों को बचाने के लिए शुरू हुआ सेवा अभियान

Social Work: फिरोजपुर की समाजसेवी संस्था यूनाइटेड सिख्स ने सतलुज दरिया में आने वाली बाढ़ से गांवों और किसानों को बचाने के उद्देश्य से एक बड़ा सेवा अभियान शुरू किया है। संस्था ने दरिया के कमजोर एवं संवेदनशील किनारों पर मजबूत बांध तैयार करने का निर्णय लिया है, ताकि बरसात के मौसम में बाढ़ के पानी को गांवों और कृषि भूमि में प्रवेश करने से रोका जा सके।

यूनाइटेड सिख्स फिरोजपुर के इंचार्ज  जगमीत सिंह ने बताया कि क्षेत्र के लोग वर्षों से बाढ़ की समस्या से परेशान हैं, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया था। इसी को ध्यान में रखते हुए यूनाइटेड सिख्स ने मानवता और सेवा की भावना के साथ इस महत्वपूर्ण कार्य की जिम्मेदारी उठाई है।

उन्होंने कहा कि यह प्रोजेक्ट स्थानीय संगत, स्वयंसेवकों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से चलाया जाएगा तथा आने वाले समय में इसे और बड़े स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि बस्ती राम लाल गांव के पास सतलुज दरिया किनारे मजबूत बांध तैयार किए जाएंगे, जिससे आसपास के गांवों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यह सेवा अभियान केवल लोगों और किसानों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य मानवता, एकता और निस्वार्थ सेवा का संदेश देना भी है।

जगमीत सिंह ने आगे बताया कि बस्ती राम लाल गांव में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाजसेवी, गणमान्य व्यक्ति, राजनीतिक प्रतिनिधि एवं धार्मिक संत उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर गांव के सरपंच  जसमेल सिंह, दलजींदर सिंह मंगा सहित कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी इस मानवता की सेवा से जुड़े अभियान का हिस्सा बनें ताकि भविष्य में बाढ़ जैसी आपदाओं से गांवों और किसानों को सुरक्षित रखा जा सके।

यूनाइटेड सिख्स के अमृतपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा लगभग 3 किलोमीटर क्षेत्र में बांध निर्माण का कार्य किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह पूरा कार्य जगमीत सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया जा रहा है।

जगमीत सिंह ने कहा कि इस नेक कार्य के लिए लगभग सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने एकजुट होकर सहयोग दिया और सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने इस सेवा अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता राणा गुरमीत सिंह सोढी, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सांसद शेर सिंह घुबाया, पूर्व विधायक परमिंदर सिंह पिंकी, रविंदर सिंह औलख, सुखपाल सिंह नन्नू तथा जलालाबाद से पूर्व विधायक रामिंदर सिंह अमला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *