BLA Suicide Attack पाकिस्तान का अशांत बलूचिस्तान प्रांत रविवार सुबह एक बार फिर भीषण बम धमाके से दहल उठा। प्रांतीय राजधानी क्वेटा के चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटक से भरी कार को यात्री ट्रेन से टकरा दिया। इस भीषण आत्मघाती हमले (BLA Suicide Attack) में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 80 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में पाकिस्तानी सेना के जवान और उनके परिवार के सदस्य शामिल हैं।
ईद की छुट्टियों पर घर जा रहे थे सैनिक
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब ‘जाफर एक्सप्रेस’ (Jaffar Express) क्वेटा छावनी (Cantonment) से यात्रियों को लेकर पेशावर के लिए रवाना हुई थी। ट्रेन जैसे ही चमन फाटक सिग्नल के पास पहुंची, तभी विस्फोटक से लदी एक कार ने ट्रेन की बोगी को टक्कर मार दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस ट्रेन में 300 से अधिक पाकिस्तानी सैन्यकर्मी और उनके परिवार के लोग सवार थे, जो आगामी ईद की छुट्टियों के लिए अपने घर जा रहे थे।

धमाके से पलटी बोगियां, मलबे में तब्दील हुए वाहन
धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट के कारण ट्रेन की दो बोगियां पटरी से उतर गईं और उनमें भीषण आग लग गई। घटनास्थल से आए दृश्यों में ट्रेन के डिब्बे पूरी तरह क्षतिग्रस्त और जलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
इस हमले में रेलवे ट्रैक के पास खड़े कम से कम 10 से 15 वाहन जलकर खाक हो गए और आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए। स्थानीय लोगों और बचाव दलों ने मलबे से शवों और घायलों को बाहर निकाला।
अस्पतालों में इमरजेंसी लागू
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता बाबर यूसुफजई ने बताया कि घटना के तुरंत बाद क्वेटा के सिविल अस्पताल, एफसी अस्पताल और सीएमएच (कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल) में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। छुट्टी पर गए डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को तुरंत ड्यूटी पर बुला लिया गया है। कई घायलों की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिससे मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली जिम्मेदारी
इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित अलगाववादी संगठन बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) के आत्मघाती दस्ते ‘मजीद ब्रिगेड’ ने ली है। संगठन ने मीडिया को जारी एक बयान में कहा कि उनके ‘फिदायीन’ हमलावर ने जानबूझकर पाकिस्तानी सेना के जवानों को ले जा रही ट्रेन को निशाना बनाया।
