UP Weather: यूपी में तेज हवा के साथ भारी बारिश के आसार

UP Weather: यूपी में तेज हवा के साथ भारी बारिश के आसार

UP Weather: मौसम में बड़े बदलाव के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ 19 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय होगा। तीन तरफ से बन रही परिस्थितियों की वजह से कुछ स्थानों पर ज्यादा बारिश हो सकती है।

इसके अलावा बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश के पश्चिमी हिस्से के निचले वायुमंडल में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से उठ रही नम हवाएं आपस में टकरा रही हैं। अफगानिस्तान की ओर से आ रहा पश्चिमी विक्षोभ 19 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय होगा। ऐसे में दो सागरों से मिल रही नम हवाएं पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव काफी बढ़ा देंगी।

नतीजतन प्रदेश के कई जिलों में सामान्य से भारी वर्षा हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर उसी दिन शाम से लखनऊ और आसपास महसूस होने लगेगा। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार 20 और 21 को लखनऊ में बारिश होगी।

दिन गर्म, रात ठंड रहेगी
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार सुबह हल्का कोहरा रह सकता है। इसके बाद धूप निकलेगी। धूप में तल्खी के चलते अधिकतम पारा 27 डिग्री तक जा सकता है। न्यूनतम पारा दो डिग्री कम करीब 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

सुबह घना कोहरा
हवा में नमी की अधिकता के बीच गुरुवार सुबह धूप निकली तो घना कोहरा छा गया। लखनऊ एयरपोर्ट पर 8 बजे दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। कई इलाकों में दृश्यता 20 मीटर से नीचे आ गई। सुबह कोहरे से वाहनों की लाइटें जलती नजर आई। दिन में अधिकतम पारा 27.1 और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री दर्ज किया गया।

कोहरे से दिल्ली, पटना, बेंगलुरू समेत 12 उड़ानें लेट
लखनऊ समेत कई शहरों में सुबह अचानक घना कोहरा छा जाने से विमान सेवाएं लड़खड़ा गईं। लखनऊ से आने जाने वाली 12 उड़ानें लेट हुईं। इंडिगो ने सुबह कोहरे को ध्यान में रखते हुए पोस्ट किया कि ‘खराब मौसम से लखनऊ, पटना, रांची और बेंगलुरु में उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।’

Rajeev Sharma Avatar

Rajeev Sharma

Chief Editor & CEO PhD, LLB
Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *