Asian Games: भारतीय निशानेबाजों का दबदबा कायम, विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण

Asian Games: भारतीय निशानेबाजों का दबदबा कायम, विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण

Asian Games: एशियाई खेलों में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा है।

शुक्रवार को ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, स्वप्निल कुसाले और अखिल श्योराण की भारतीय तिकड़ी ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में नए विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता।

महिला निशानेबाजों ने 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पर साधा निशाना

केवल इतना ही नहीं, महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में ईशा सिंह, पलक और दिव्या थडिगोल सुब्बाराजू की भारतीय तिकड़ी ने रजत पदक जीता।

भारतीय तिकड़ी ने बनाया रिकॉर्ड तोड़ स्कोर

भारतीय पुरुष 50 मीटर 3 पोजिशन राइफल टीम में ऐश्वर्य तोमर, अखिल श्योराण, स्वप्निल कुसाले ने 1769 के रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। ऐश्वर्य 591 के साथ शीर्ष पर और स्वप्निल 591 के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए व्यक्तिगत फाइनल में प्रवेश किया।

भारतीय तिकड़ी ने 1769 का स्कोर किया, जो पिछले साल पेरू में अमेरिका द्वारा निर्धारित स्कोर से आठ अंक अधिक है।

जबकि चीन (1763) और कोरिया गणराज्य (1748) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते।

स्वप्निल (591) और ऐश्वर्य (591) क्वालिफिकेशन चरण में शीर्ष पर रहे और एक नया क्वालिफिकेशन एशियाई और खेल रिकॉर्ड साझा किया। अखिल (587) पांचवें स्थान पर रहे। व्यक्तिगत फाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 11:30 बजे शुरू होगा।

यह भी पढ़ें: Asian Games Cricket: भारतीय वुमन ब्रिगेड ने जीता गोल्ड मैडल

महिला टीम ने 1731 अंक किए​ अर्जित ​

वहीं, ईशा सिंह, पलक और दिव्या थडिगोल सुब्बाराजू की भारतीय तिकड़ी ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता।

भारतीय टीम ने कुल 1731 अंक अर्जित किए, जो चीन (1736) से पांच अंक पीछे है जिसने नए गेम्स रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। चीनी ताइपे ने 1723 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

ईशा (579) और पलक (577) क्रमशः पांचवें और सातवें स्थान पर रहीं और व्यक्तिगत फाइनल में आगे बढ़ीं जो भारतीय समयानुसार सुबह 9 बजे शुरू हो गया है। वहीं, दिव्या (575) 10वें स्थान पर रहीं।

एशियाई खेलों में अब तक भारतीय निशानेबाजों को मिले पांच स्वर्ण सहित 15 पदक

बता दें कि भारतीय निशानेबाज अब तक एशियाई खेलों में पांच स्वर्ण सहित 15 पदक जीत चुके हैं। वहीं पदक तालिका में भारत 27 पदकों के साथ अब चौथे स्थान पर आ गया है, जिसमें 7 स्वर्ण, 9 रजत और 11 कांस्य पदक शामिल हैं।

Fact Checked & Editorial Guidelines
Reviewed by: Subject Matter Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *