Traffic Police ट्रैफिक नियमों के नाम पर कभी-कभी ऐसे कारनामे सामने आ जाते हैं कि लोग हंसते-हंसते लोटपोट हो जाएं। ताज़ा मामला बरेली का है, जहां एक XUV कार का चालान “दो पहिया वाहन बिना हेलमेट चलाने” के आरोप में काट दिया गया।
हैरानी की बात यह है कि जिस वाहन का चालान हुआ, वह कोई बाइक या स्कूटर नहीं बल्कि एक चार पहिया SUV (XUV) है। चालान में साफ लिखा गया — “Driving Two-Wheeled Without Helmets” और जुर्माना ठोक दिया गया ₹1000। ऊपर से प्रोसेसिंग फीस और GST मिलाकर कुल रकम ₹1294 पहुंच गई। अब सोशल मीडिया पर यह मामला जमकर वायरल हो रहा है। सबसे मजेदार मोड़ तब आया जब वाहन मालिक ने डर के मारे कार चलाते वक्त खुद हेलमेट पहन लिया। सड़क पर XUV के अंदर हेलमेट लगाए ड्राइवर को देखकर लोग ठहाके लगाने लगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो जल्द ही कार चालकों को भी सीट बेल्ट के साथ ISI मार्का हेलमेट अनिवार्य करना पड़ेगा!
बताया जा रहा है कि ई-चालान सिस्टम या कैमरा स्कैनिंग में तकनीकी गड़बड़ी के चलते यह मजेदार गलती हुई। हालांकि मामला सामने आने के बाद लोग ट्रैफिक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल यह “हेलमेट वाला XUV ड्राइवर” शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर लोग इसे “भारत का सबसे सुरक्षित कार चालक” बता रहे हैं।”
