BADAUN CRIME NEWS: कादरचौक में मिली 20 साल की युवती की लाश

BADAUN CRIME NEWS: कादरचौक में मिली 20 साल की युवती की लाश

BADAUN CRIME NEWS: बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सड़क किनारे एक युवती का शव पड़ा मिला। राहगीरों ने जैसे ही शव देखा, इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी थी।

जानकारी के मुताबिक, गांव सिसैया नगला के पास बदायूं-कादरचौक मार्ग पर सड़क किनारे यह शव मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई। हालांकि, मौके से ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं मिला, जिससे युवती की पहचान हो सके।

गले पर निशान, हत्या कर शव फेंकने की आशंका

प्रारंभिक जांच में युवती के गले पर चोट और दबाव के निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का मानना है कि युवती की हत्या कहीं और की गई और उसके बाद शव को यहां लाकर फेंक दिया गया। पुलिस को शव के पास से एक दूसरी महिला की चप्पल भी बरामद हुई है। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि इस वारदात में किसी अन्य महिला की भी भूमिका हो सकती है, जो जल्दबाजी में अपनी चप्पल वहीं छोड़ गई।

शिनाख्त की कोशिशें तेज

मृतका प्लाजो और सूट पहने हुए थी तथा उसके दाहिने पैर में काला धागा बंधा हुआ था। घुटनों पर रेत लगी होने से यह भी संकेत मिल रहा है कि शव को दूसरी जगह से लाकर यहां डंप किया गया। थाना प्रभारी विक्रम सिंह के अनुसार, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और युवती की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से भी मिलान किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *